महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16अगस्त। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत स्थानीय लोहिया चौक में प्रदर्शनी और संगोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री व कुरूद विधायक अजय चंद्राकर, सांसद रूपकुमारी चौधरी और महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। मुख्य अतिथि अजय चंद्राकर ने विस्तार से देश की आजादी, स्वतंत्रता संग्राम और विभाजन के बारे में जानकारी दी।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि कुछ नेताओं ने अपने स्वार्थ के लिए देश का विभाजन किया। धर्म के आधार पर देश के लोगों को बांट दिया। इसका प्रभाव उस दौरान हमारे देश की जनता को पड़ा था। आने वाले समय में भारत आगे चलकर खंडित नहीं होगा। हमें अपने देश को अखंड बनाए रखना है। महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि 15 अगस्त को हमें स्वतंत्रता दिवस की खुशी रहती है लेकिन उसके एक दिन पहले हुई घटना का दुख भी रहता है। हमारा देश जब आजाद हुआ उसके पीछे की कहानी हमें नहीं भूलना है। हमें उससे सबक लेना चाहिए और आगे भी देश किसी बहकावे में आकर खंडित न हो इसका ध्यान रखना होगा। भाजपा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय शर्मा,पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के बाद हाथ में नारों की तख्ती लिए मौन रैली निकाली गई। रैली लोहिया चौक से निकलकर शहर के मुख्य मार्गों से होकर वापस कार्यक्रम स्थल पहुंची। उक्त कार्यक्रम में इंद्रजीत सिंह गोल्डी, रमेश साहू, माधव राव टांकसाले, संदीप दीवान, प्रकाश शर्मा, सतपाल सिंह पाली, सुधा साहू समेत सैंकड़ों लोग उपस्थित थे।