महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 अगस्त। बसना से बिलासपुर मार्ग पर चलने वाली रामचंडी बस का चलते हुए बस टायर निकलकर दूर छिटक जाने का मामला सामने आया है।
जानकारी मिली है कि बसना से बिलासपुर मार्ग पर चलने वाली जय मां चंडी बस को लापरवाही पूर्वक चलाने के कारण व सही चेक अप नहीं किये जाने से बस का टायर गाड़ी से दूर छिटक गया। बसना के जगदीशपुर मार्ग पर विधायक कार्यालय के सामने यह घटना घटी, जब बस बिलासपुर से बसना आ रही थी। तभी बस का टायर चक्के से निकलकर दूर अग्रवाल आफसेट के पास जाकर गिरा।
बस में यात्री सवार थे। रास्ते में राहगीरों का आना-जाना लगा हुआ था। राहगीर दुर्घटना होने से बाल बाल बचे हैं। वहीं बस में सवार यात्रियों के लिए खतरा टल गया।
लोग सवाल उठा रहे हैं कि परिवहन विभाग ने ऐसे कंडम गाडिय़ों का परमिट, फिटनेस कैसे जारी करता है? इस संबंध में आवश्यक रूप से जांच व कार्रवाई होनी चाहिए। जैसे ही इसकी खबर बसना पुलिस को मिली, तत्काल पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था को नियंत्रण में लिया। बसना पुलिस के अनुसार हमें जैसे ही सूचना मिली, पुलिस स्टाफ भेजा गया। किसी प्रकार से जन हानि नहीं हुई है। बस को थाने लाने कहा गया था परन्तु बस का टायर लगाने के बाद बस लेकर भाग गये। कल बस को बुला कर आगे की कार्रवाई करेंगे।