महासमुन्द

पीएम आवास योजना की हालत महासमुंद में चिंताजनक
09-Aug-2024 7:37 PM
पीएम आवास योजना की हालत महासमुंद में चिंताजनक

साल भर पहले राशि जारी, फिर भी नहीं बना पौने 4 हजार आवास

जिला पंचायत ने जनपद पंचायतों को लिखा पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 महासमुंद, 9 अगस्त। शासन की महत्वपूर्ण हितग्राही मूलक प्रधानमंत्री आवास योजना महासमुंद जिले में चिंताजनक बनी है। ये हम नहीं कह रहे हैं बल्कि निर्माण एजेंसी विभाग जिला पंचायत का कहना है। विभाग ने एक पत्र जारी कर सभी जनपद पंचायत को लिखा है कि जिले में 73 हजार 266 आवास बनाने स्वीकृति मिली थी। उसमें से 69 हजार 509 आवास पूर्ण हुए हैं। जबकि 3 हजार 757 अवास अपूर्ण और अप्राप्त है या जमीनी स्तर पर बना ही नहीं है।

दिलचस्प बात यह है कि इन अपूर्ण आवासों के लिए 12 माह पूर्व राशि जारी की जा चुकी है। लेकिन निर्माण में भारी लापरवाही बरती गई है। जिला पंचायत द्वारा जनपद पंचायतों को लिखे पत्र में कहा है कि समयावधि 30 सितंबर 2024 तक पूर्ण करना संभव नहीं है। पृथक से चिन्हांकित कर सूची बनाई जावे। पता चला है कि इस संबध में पत्र के माध्यम से जानकारी चाही गई थी। लेकिन अफसरों ने जानकारी ही नहीं दी। पत्र में इस स्थिति को जिला पंचायत ने चिंताजनक बताया है। जिला पंचायत ने एक तरफ  स्वीकार किया है कि समयावधि 30 सितबंर 2024 तक पूर्ण करा पाना संभव नहीं है। वहीं दूसरी ओर जनपद पंचायत को लिखे पत्र में कहा है कि अपूर्ण आवासों को 30 सितबंर से पहले पूर्ण कराया जाए। जिन आवासों को पूर्ण नहीं कराया जा सकता, उसकी सूची पृथक ग्राम सभा में ले जाएं। 


अन्य पोस्ट