महासमुन्द

संविदा ऑपरेटर ने नि:शक्तों और गरीबों का राशन डकारा, कार्रवाई शून्य
08-Aug-2024 3:49 PM
संविदा ऑपरेटर ने नि:शक्तों और गरीबों  का राशन डकारा, कार्रवाई शून्य

खाद्यान्न की बाजार मूल्य की राशि रिकवरी कर उसे फि र से राशन कार्ड बनाने की जिम्मेदारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 8 अगस्त। जानकारी मिली है कि महासमुंद जिले के एक जनपद पंचायत के स्वच्छ भारत मिशन में संविदा पद पर कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर ने नि:शक्तों और गरीबों के हिस्से का राशन डकार लिया है। विभाग का भी कहना है कि उक्त ऑपरेटर ने खुद को नि:शक्त बता कर खाद्य विभाग के राशनकार्ड पोर्टल में फर्जी तरीके से अंत्योदय राशन कार्ड बनाकर राशन लेना शुरू किया और लंबे समय तक इसका लाभ लेता रहा।

इस फर्जीवाड़े पर कुछ सवाल खड़ा होने से पहले ही अफसरों ने खुद को बचाने आनन-फ ानन में उक्त राशन कार्ड को निरस्त कर दिया है। जबकि फर्जीवाड़े को लेकर संबंधित पर कार्रवाई करने के बजाए खाद्यान्न की बाजार मूल्य की राशि रिकवरी कर उसे फि र से राशन कार्ड बनाने की जिम्मेदारी दे दी गई है।

इसके बाद ही इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। पड़ताल में पता चला है कि जनपद पंचायत में स्वच्छ भारत मिशन में संविदा पद पर कार्यरत पितेश्वर चंद्राकर नि:शक्त लोगों को दिए जाने वाला मुफ्त चावल का अंत्योदय राशन कार्ड बना कर राशन ले रहा था। जनपद पंचायत के अलावा मुख्य कार्यपालन अधिकारी बीएस मंडावी को मिलने के बाद श्री मंडावी ने 9 जुलाई को डाटा एंट्री ऑपरेटर पितेश्वर चंद्राकर को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा। 9 जुलाई को ही ग्राम पंचायत मचेवा सचिव पितेश्वर चंद्राकर के राशनकार्ड से जुड़ी दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए पत्र लिखा गया।

पितेश्वर चंद्राकर ने 10 जुलाई को कारण बताओ नोटिस के जवाब में राशन कार्ड बनवाने की बात स्वीकार करते हुए किसी प्रकार की अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया। इसके बाद पितेश्वर चंद्राकर सचिव ने 16 जुलाई को अपने जवाब में कहा कि उनके पास राशन कार्ड से जुड़े कोई भी दस्तावेज नहीं है और न ही पंचायत द्वारा कोई प्रस्ताव दिया गया है। इसके बाद इसी दिन खाद्य विभाग को राशनकार्ड क्रमांक 223852966991 को निरस्त करने के लिए पत्र लिखा। लेकिन संबंधित डेटा एंट्री ऑपरेटर पर कोई कार्रवाई करने की बजाए उसी ऑपरेटर से काम लिया जा रहा है।

दरअसल वर्ष 2022-23 में तत्कालीन जनपद पंचायत सीईओ निखत सुलताना ने स्वच्छ भारत मिशन के 3  डाटा एंट्री ऑपरेटरों को राशन कार्ड बनाने वाले छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम का पोर्टल और पासवर्ड दिया था। जिसमें डेटा एंट्री ऑपरेटरों को जरूरतमंद और गरीब परिवार को राशनकार्ड बना कर देना था। इस दौरान राशन कार्ड की गड़बड़ी को लेकर बहुत से लोग जन चौपाल में भी कलेक्टर से शिकायत करते रहे। लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया।

 और जनपद पंचायत में राशन कार्ड बनाने में लगे कर्मचारी ने मौके का फायदा उठा कर राशन कार्ड बना लिया।


अन्य पोस्ट