महासमुन्द
बाद में एक शिक्षक आया तो स्कूल बंद था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जुलाई। महासमुंद जिले के सरायपाली ब्लॉक स्थित सागरपाली स्कूल में छत से टपकते पानी में छतरी तान बच्चों के साथ खड़े शिक्षक की खबर के बाद पता चला है कि सोमवार को इस स्कूल के प्रधानपाठक के अवकाश पर चले गए तो कोई भी स्कूल नहीं पहुंचे। बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन बनाने वाले रसोइयों ने भी खाना नहीं बनाया और अंत में पूर्वान्ह साढ़े 11 बजे बच्चे और रसोइये अपने-अपने घर चले गए।
जानकारी के अनुसार टपकती छत के नीचे बच्चों की पढ़ाई मामले में सुर्खियों में आने वाले सागरपाली के प्राइमरी स्कूल में प्रधानपाठक ने 29 जुलाई को अवकाश पर होने की सूचना सोशल मीडिया वाट्सएप के माध्यम से नोडल प्राचार्य को आवेदन के रूप में भेज दिया था। इसके बावजूद स्कूल में सुबह साढ़े 11 बजे तक किसी भी शिक्षक की व्यवस्था सागरपाली स्कूल में नहीं की गई। शिक्षक की व्यवस्था नहीं होने से मध्यान्ह भोजन भी उक्त समय तक नहीं बनाया गया और बच्चों की छुट्टी कर दी गई।
स्कूल के सफाई कर्मी और रसोइयों ने मीडिया को बताया कि उनके प्रधान पाठक छुट्टी पर हैं और साढ़े 11 बजे तक कोई भी शिक्षक व्यवस्था पर नहीं आए हैं। इसलिए वे भी घर जा रहे हैं। मामले को लेकर कल दोपहर 12 बजे जब नोडल प्राचार्य सिंघोड़ा से उनका पक्ष जानने चर्चा की गई तब उनका कहना था कि सागरपाली के प्रधानपाठक के अवकाश पर रहने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने मुझे पर्सनल वाट्सएप में आवेदन भेजा है। तत्काल एक शिक्षक को व्यवस्था पर भेज रहा हूं, लेकिन जब तक स्कूल में शिक्षक पहुंचते, स्कूल बंद हो चुका था।