महासमुन्द
292 ग्राम टीबी मुक्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 जुलाई। टीबी मुक्त ग्राम पंचायत बनाने में महासमुंद जिला पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। जबकि दूसरा सरगुजा तथा तीसरी राजधानी है। यानी पूरे प्रदेश में महासमुंद अव्वल है। महासमुंद जिला में कुल 292 ग्राम पंचायतों को कांस्य पदक मिल चुका है। जबकि सरगुजा में 222 तथा राजधानी में 200 ग्राम पंचायतों तक ही यह आंकड़ा सिमट गया।
मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद जिले को कुल 138 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त करने का लक्ष्य मिला था। लेकिन विभाग के टीबी योद्धाओं ने अल्प समय में ही इस लक्ष्य को पूरा करते हुए 292 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त कर कांस्य पदक हासिल किया है। आंकड़ों के मुताबिक सर्वाधिक टीबी मुक्त पंचायत में पिथौरा प्रथम स्थान पर है। जबकि बागबाहरा दूसरे स्थान पर है।
महासमुंद जिले को अपने 25 फ ीसदी ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त करने का लक्ष्य मिला था। लेकिन टीबी योद्धाओं ने 54 फीसदी लक्ष्य हासिल कर इतिहास रच दिया। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार टीबी मुक्त अभियान के तहत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायतें घोषित होने के लिए उन्हें 5 मुख्य मानदंड निर्धारित किए गए।
सर्वे के दौरान पांचों मानदंडों को पूरा करने वाली पंचायतें ही टीबी मुक्त घोषित की जा रही है। पहले मानदंड के अनुसार टीबी मुक्त अभियान के तहत प्रत्येक पंचायत में 1000 की आबादी में कम से कम 30 टीबी टेस्ट होने चाहिए। यदि उस पंचायत में टीबी की आशंका वाले लोगों की संख्या अधिक है तो टेस्टों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। यानी किसी व्यक्ति में अगर टीबी जैसे लक्षण हैं तो उसका तुरंत टेस्ट होना चाहिए।
दूसरे मापदंड के अनुसार पंचायत की 1000 की जनसंख्या पर टीबी के मामलों की संख्या शून्य या अधिकतम एक होनी चाहिए तथा इसकी सूचना तुरंत निक्षय पोर्टल पर दर्ज होनी चाहिए।पंचायत में टीबी रोगियों का उपचार सफलतापूर्वक पूर्ण होने की दर 85 प्रतिशत से अधिक होने की शर्त को भी मापदंडों में शामिल किया गया है।
इन सभी 5 मुख्य मापदंडों पर आधारित सर्वे के दौरान जिले की सभी पंचायतों में कम से कम 30-30 लोगों के टीबी टेस्ट किए जाएंगे। इनके अलावा 30 चिह्नित गंभीर रोगों से ग्रस्त सभी लोगों के टेस्ट भी किए जाएंगे। मानदंडों को पूरा करने वाली ग्राम पंचायतें आगामी 15 जनवरी तक टीबी मुक्त पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकेंगी और 24 मार्च को विश्व टीबी दिवस के उपलक्ष्य पर टीबी मुक्त पंचायतों की घोषणा की जाएगी।
बताया गया है कि इन पंचायतों को पुरस्कार के रूप में प्रशस्ति पत्र तथा महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा दी जाएगी। पंचायत में लगातार दूसरे वर्ष टीबी मुक्त की स्थिति कायम रहने पर प्रशस्ति पत्र एवं महात्मा गांधी की रजत प्रतिमा तथा तीसरे वर्ष भी प्रशस्ति पत्र एवं स्वर्णिम प्रतिमा दी जाएगी। तीसरे मानदंड के अनुसार निक्षय पोषण योजना के तहत सभी टीबी मरीजों को दवाइयों के साथ-साथ पोषण के लिए 500-500 रुपए दी गई हो या कम से कम पहली किश्त जारी हो चुकी हो। इसके अलावा पीएम टीबी एमबीए के तहत निक्षय मित्रों से पोषण सहायता लेने की सहमति देने वाले सभी उपचाराधीन टीबी रोगियों को निक्षय मित्रों से पोषण सहायता मिल रही हो।