महासमुन्द

महासमुंद रेल्वे स्टेशन : लिफ्ट-एस्केलेटर-यात्री प्रतीक्षालय निर्माण कार्य जोरों पर
18-Jul-2024 2:23 PM
 महासमुंद रेल्वे स्टेशन : लिफ्ट-एस्केलेटर-यात्री प्रतीक्षालय निर्माण कार्य जोरों पर

अमृत भारत योजना के तहत 16 करोड़ से स्टेशन को यात्री सुविधाओं से लैस किया जा रहा

2025 जनवरी तक काम पूरा होने की उम्मीद 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 जुलाई।
जिला मुख्यालय के रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना के तहत एयर पोर्ट की तर्ज पर सर्व सुविधायुक्त बनाने की दिशा में कार्य प्रगति पर है। जहां एक और स्टेशन के प्लेटफार्म को बड़ा किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर यात्री प्रतीक्षालय का काम शुरू किया जा चुका है। हालांकि बारिश की वजह से कार्य की गति धीमी जरूर है। लेकिन कहा जा रहा है कि बारिश का सीजन समाप्त होते ही गति पकड़ेगा। हाल की ही बात करें तो यहां पिछले सप्ताह भर से सर्वाधिक यात्री सुविधा एस्केलेटर निर्माण के कार्य ने गति पकड़ ली है। अभी एक्सलेटर को लगाने के लिए मजबूत लोहे के फ्रेम के लिए गड्ढा बनाया जा रहा है।

इस कार्य के लिए श्रद्धा निर्माण ग्रुप बिलासपुर तथा एसएल गोयल ग्रुप की कंपनी मौके पर डटी हुई है। इस हेतु क्यूब, फ्रेम का निर्माण भी मौके पर ही किया जा रहा है। यहां महासमुंद में कुल 16 करोड़ की लागत से स्टेशन को यात्री सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।  कहा जा रहा है कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर आवागमन के लिए लिफ्ट तथा स्वचालित सीढिय़ां रेल यात्रियों के अलावा विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं व दिव्यांगों, मरीजों के लिए वरदान साबित होगा। वर्तमान में यात्रियों को प्लेटफार्म संख्या 1 से 2 तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता अख्तियार करना पड़ता है। एस्केलेटर की स्थापना से यात्रियों तक पहुंचने में पैदल पुलिया और फुट ओवरब्रिज की दूरी तय करने की मुश्किल से आजादी मिलेगी।

गौरतलब है कि रायपुर के बाद महासमुंद ऐसा स्टेशन होगा जहां एस्केलेटर की सुविधा होगी। इसके बाद भुनेश्वर तक यह सुविधा नहीं है। एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर आने.जाने के लिए सुविधाजनक स्वचालित सीढिय़ां एस्केलेटर और लिफ्ट संभवत: 2025 में जनवरी तक शुरू होने की उम्मीद है। निर्माण कंपनी के अनुसार दोनों प्लेटफार्म पर आने.जाने के लिए चार एस्केलेटर तथा दो लिफ्ट लगाने का कार्य आदेश मिला है। एस्केलेटर स्टेशन में प्रवेश करते ही दाहिने ओर फुट ओवर ब्रिज के पास मार्किंग कर लेआउट दिया जा चुका है। कंपनी ने कार्य शुरू भी कर दिया है।

मालूम हो कि वर्षों से रेलवे स्टेशन के परिसर में एक लम्बे भूमिगत मार्ग और 73 सीढिय़ों वाले डबल स्टेक हाइट फुट ओवर ब्रिज से रेल यात्रियों को एक-दूसरे प्लेटफार्म पर लगेज के साथ आने-जाने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इसके मद्देनजर केंद्र सरकार ने 2 वर्ष पूर्व ही स्टेशनों को कायाकल्प करने की योजना तैयार की थी। वहीं वर्षों से शहरवासियों द्वारा सुविधाएं बढ़ाने के लिए संबलपुर जोन रेल्वे को पत्र व्यवहार किया जाता रहा है।

पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने इस काम का शिलान्यास किया था। अब रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवर ब्रिज का भी निर्माण होगा। रेलवे का नया ब्रिज रेलवे क्रॉसिंग से शंकर नगर पश्चिम दिशा में आर.बी 34 के समीप बनेगा। जो क्रॉसिंग से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। राज्य शासन द्वारा बनाया गया ओवर ब्रिज में भारी वाहनों की आवाजाही अधिक है। फलस्वरूप यह ओवर ब्रिज छोटे वाहनों के लिए होगा। इससे न केवल शहर के मध्य यातायात का दबाव कम होगा। बल्कि शहरवासियों को अच्छी सुविधा मिल सकेगी।
 


अन्य पोस्ट