महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 जुलाई। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा ने उप तहसील कार्यालय झलप में घटित मारपीट की घटना को असंवेदनशीलता का परिणाम बताते हुए इसकी निंदा की है।
डॉ. चोपड़ा ने विज्ञप्ति में कहा कि इस घटना की तह में जाने की जरूरत है। घटना के समस्त कारणों का विश्लेषण कर कार्रवाई करने की आवश्यकता है। झलप उप तहसील में लेन-देन की शिकायत लंबे समय से मिल रही थी। जिससे क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश था। डा. चोपड़ा ने कहा कि राजस्व अमले की मनमर्जी के कारण सभी स्थानों पर आम जनता त्रस्त हैं। यहां तक कि पूर्व में कांग्रेस के मुख्यमंत्री भी अनेक बार चेतावनी दे चुके हैं। परंतु उसका कोई असर नहीं हुआ एवं स्थिति और बिगड़ती चली गई। आम आदमी राजस्व विभाग के छोटे से काम के लिए वर्षों चप्पल घिसता है। परंतु न्याय संगत होते हुए भी प्रकरण को खारिज कर है दिया जाता है। यहां तक कि जो प्रकरण कार्यालय के होते हैं एवं सिटीजन चार्टर में जिनकी समय सीमा तय है, उन्हें भी न्यायालयीन प्रकरण बनाकर तारीख पे तारीख का खेल खेला जाता है।
उन्होंने कहा कि महासमुंद एसडीएम कार्यालय में एक दिन में 20-25 लोग अपनी समस्या लेकर आते हैं और कार्यालय में तीन-चार अधिकारियों के साथ 20-25 कर्मचारियों की टोली भी उनका निपटारा नहीं कर पाती। जबकि इसमें नए प्रकरण ही रहते हंै। इन प्रकारणों से कार्य की पेंडेंसी बढ़ती जाती है। डॉ.चोपड़ा ने छत्तीसगढ़ सरकार की छापामार नीति का समर्थन करते हुए इसमें और तेजी लाने की मांग की है ताकि घूसखोरों से जनता को निजात मिले और भाजपा शासन को नयी पहचान मिले।