महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 जून। नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग के नेतृत्व में सर्व समाज के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी आशुतोष सिंह से सौजन्य मुलाकात की।
उन्होंने एसपी से मुलाकात के दौरान जिले की सीमा से लगे आरंग शहर में विगत दिनों गौ तस्करी के संदेह में तीन युवकों के साथ गम्भीर रूप से की गई मारपीट में दो युवक की मौत और तीसरे युवक की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में साम्प्रदायिक तनाव को महासमुंद शहर में फैलने से रोकने आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि महासमुंद शहर हमेशा से कौमी एकता का प्रतीक रहा है और हमेशा रहेगा। उन्होंने कहा कि समीपस्थ आरंग शहर में विगत दिनों मुस्लिम समुदाय के तीन युवकों को सम्प्रदाय व आपसी भाई-चारे को क्षति पहुचाने वाले असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला किया और उक्त हमले में तीन मुस्लिम युवकों की मौत हुई है।
उपरोक्त घटना का सभी समाज के प्रतिनिधि मंडल ने घोर निंदा की और घटना के दोषियों पर पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की। श्रीमती महिलांग ने एसपी श्री सिंह से कहा कि उक्त घटना की सांप्रदायिक आग हमारे जिले व शहर में न फैले।
प्रतिनिधि मंडल ने एसपी से चर्चा करते हुए कहा कि उक्त घटना की पुनरावृत्ति जिले में न हो, इस पर उचित कार्रवाई करें।