महासमुन्द

कलेक्टोरेट आ रहे सैकड़ों आदिवासी किसानों को पुलिस ने सोरिद-चोरभ_ी में रोका, 10 लोगों को वाहन से कलेक्टोरेट लाया
20-Jun-2024 2:56 PM
कलेक्टोरेट आ रहे सैकड़ों आदिवासी किसानों को पुलिस ने सोरिद-चोरभ_ी में रोका, 10 लोगों को वाहन से कलेक्टोरेट लाया

जीविकोपार्जन के लिए जमीन मांगने पहुंचे 200 किसानों में

40 महिलाएं शामिल रहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20 जून। जिले के ग्राम बेलर बीट मोहंदी के वन कक्ष क्रमांक-61 तहसील महासमुंद अंतर्गत आने वाली कई एकड़ वन भूमि को जीविकोपार्जन के लिए मांगने हेतु कलेक्टोरेट जा रहे आदिवासी किसानों को कल दोपहर पुलिस ने सोरिद के पास रोक लिया। अंचल के करीब 35 वन ग्रामों से एकत्र हुए करीब 200 आदिवासियों में 35-40 महिलाएं भी शामिल थीं।

पुलिस ने इनमें से 10 लोगों को ज्ञापन सौंपने के लिए राजी किया। कलेक्टोरेट आने वाले दस किसानों का मोबाइल बरामद कर लिया और अपने वाहन से कलेक्टोरेट लाया। कलेक्टोरेट के आवक जावक शाखा में आवेदन जमा करने के बाद रात तक वनमंडल कार्यालय में रोके रखा और देर रात करीब 9.15 बजे इन्हें साथियों के पास चोरभ_ी में छोड़ा। रात में ही ये सभी आदिवासी बेलर जंगल अपने ठीये पर पहुंचे और आज सुबह से अपने-अपने गांवों के लिए रवाना हुए।

ये आदिवासी किसान अपने संगठन का नाम श्री मांझी अंतर राष्ट्रीय समाजवाद आदिवासी किसान सैनिक लिखते हैं। संगठन के करीब 200 लोग महासमुंद व बागबाहरा क्षेत्र के गांवों से बेलर जंगल में 3 दिन पूर्व एकत्र हुये थे। मोहकम, लहंगर, जोबा, चिरको, बनपचरी, मोंगरा, लभरा और बागबाहरा क्षेत्र के गांवों से जुटे 150-200 किसान कल उक्त वन कक्ष की जमीन को जीविकोपार्जन के लिए मांग करने ज्ञापन लेकर कलेक्टोरेट आ रहे थे।

इसकी जानकारी वन अमले को थी। बलौदाबाजार की घटना के बाद सतर्क पुलिस ने वन अधिकारियों की सूचना पर इन किसानों को ग्राम सोरिद के पास कलेक्टोरेट जाने से रोक लिया। अधिकारी उन्हें समझाइश देते रहे। जबकि आदिवासी किसान शांतिपूर्ण ज्ञापन सौंपने की दुहाई देते रहे। बात नहीं बन पा रही थी। पुलिस की सख्ती के बाद भी किसान तेज धूप के बीच आगे बढ़ते हुए चोरभ_ी तक आ गए। तब पुलिस ने और बल मंगाकर उन्हें वहां रोक लिया तथा कड़ी हिदायत दी।

पुलिस अधिकारियों ने इनमें से 10 किसानों को कलेक्टोरेट जाने की अनुमति दी। यह भी कहा कि उन्हें पुलिस गाड़ी में ही जाना होगा। काफी देर बाद 10 किसान पुलिस गाड़ी से कलेक्टोरेट पहुंचे। आवक-जावक शाखा में ज्ञापन सौंपने के बाद पुलिस ने उन्हें वन मंडल कार्यालय में रोके रखा और रात करीब सवा 9 बजे साथियों के पास पुलिस गाड़ी के से ले जाकर छोड़ा।

ज्ञापन देने वालों में जगदीश, कृष्णकुमार गोंड, मोतीराम समेत 10 किसान शामिल थे। इन किसानों ने बताया कि उन्हें आऩे से रोकने के लिए से धमकाया गया। ज्ञापन देने जाने वाले किसानों के मोबाइल पुलिस ने रख की लिए। बाद में लौटा दिया गया। पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति के किसान कलेक्टोरेट जा रहे थे। ये किसान रात में चोरभ_ी से अपने साथियों के साथ बेलर जंगल गए वहां आज रात रुककर आज सुबह अपने-अपने गांव रवाना हुए।


अन्य पोस्ट