महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 जून। बसना विकासखंड के 50 से अधिक किसानों का दल सहायक संचालक उद्यान महासमुंद के मार्गदर्शन में उद्यानिकी अधिकारी उपेन्द्र नाग नेतृत्व में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के बायोकंट्रोल एजेंड्स उत्पादन केंद्र एवं प्रशिक्षण केंद्र का भ्रमण किया। जहां उन्होंने कृषि के साथ प्रोडक्शन बढाने वाली एडवांस तकनीक के बारे में सीखा।
किसान राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत किसान एक दिवसीय दौरे पर राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय पहुंचे थे। यहां के एग्रीकल्चर एक्सपर्ट डॉ. घनश्याम साहू, डॉ. मुकेश साहू, डॉ.कुमोदनी साहू एवं जीडी साहू ने अमरूद, केला, आम, अनार, गन्ना के पौधे टिश्यू कल्चर से किस प्रकार तैयार किये जाते हैं, बताया।
इस दौरान किसानों को पौधे उत्पादन से लेकर हाड्रेनिंग चेम्बर तक इनके विकास को बताया गया। जिसमें आर्किड पुष्प में बारे बताते हुए उद्यानिकी अधिकारी उपेन्द्र नाग ने बताया कि राज्य शासन की मंशा अनुरूप राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना अंतर्गत कृषि के साथ.साथ उद्यानिकी फसलों के क्षेत्र विस्तार एवं उत्पादन में वृद्धि करना है। योजना के अंतर्गत सहायक संचालक उद्यान महासमुंद द्वारा किसानों को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। कृषकों को उद्यानिकी फसलों से संबंधित उन्नत तकनीकी से खेती फल व सब्जी समन्वित कीट प्रबंधनए बीमारियों की रोकथाम की जानकारी दी गई। इस दौरान संजय प्रधान, नरेश, राजीम, भुवन साव, नवीन साव, जलंधर, मनोहर, लोकबंधु, दिगंबर, सेतकुमार,पुनीतराम, संतोष, नारायण, अमृतलाल, मकरध्वज, रेशम, देवानंद, मोतीराम, अभिमन्यु दास, रामेश्वर, शौकीलाल, तिलकराम, हेमसिंह सहित 50 से ज्यादा किसानों ने इग्नू का भ्रमण कर एडवांस तकनीक के सीखने पर हर्ष व्यक्त किया।
किसानों ने फफूंद, क्युडोमोनास मित्र, जीवाणु, परभक्षी कीट सहित उन्नत कृषि के साथ प्रोडक्शन बढ़ाने वाली एडवांस तकनीक के बारे में सीखा। बीज उत्पादन तकनीक बहुवर्षीय सब्जियों की खेती, पुष्प उत्पादन तकनीक व संभावनाएं, अमरूद, केला, आम, अनार, गन्ना के पौधे की टिश्यू कल्चर खेती, उद्यानिकी की खेती में प्रयोग होने वाले यंत्रों की जानकारी दी गई।
किसानों को इग्नू के टिश्यू कल्चर प्रयोगशाला, सेंटर ऑफ क्सीलेंस, संरक्षित खेती प्रक्षेत्र, कृषि विज्ञान केंद्र प्रक्षेत्र, शासकीय बीच प्रांगण प्रक्षेत्र का भ्रमण कराया गया। जहां वैज्ञानिकों, कृषि विज्ञान केंद्र के विषय वस्तु विशेषज्ञ, संस्थान के अधिकारियों ने किसानों को तकनीकी विषयों में जानकारी दी।