महासमुन्द

गौ तस्करी के नाम पर हत्या, पूर्व विधायक विनोद ने की निंदा
10-Jun-2024 3:56 PM
गौ तस्करी के नाम पर हत्या, पूर्व विधायक विनोद ने की निंदा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,10 जून। गत दिनों गौ तस्करी के नाम पर आपराधिक किस्म के लोगों द्वारा 2 युवकों की पीट-पीटकर हत्या की घटना को निंदनीय करार देते हुए पूर्व संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने इसे राज्य सरकार के संरक्षण में अपराधियों के बुलंद हौसले का परिणाम बताया है।

 श्री चंद्राकर ने विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा के महज 5 माह के कार्यकाल में ही राज्य में कानून व्यवस्था की धज्जिया उड़ गई है। चहूं ओर अराजक तत्वों द्वारा सत्ता संरक्षण में गिरोह बनाकर भय का वातावरण बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ की पहचान सबसे शांत व सात्विक प्रदेशों में से एक है। लेकिन पिछले 5 माह के भाजपा कार्यकाल में प्रदेश बदमाशों के नियंत्रण में आ गया है। प्रदेश में गुंडे, बदमाश बेखौफ  होकर अपराध कर रहे हैं। इन बदमाशों पर कार्रवाई नहीं होने से इनके हौसले बुलंद हैं।

श्री चंद्राकर ने कहा कि आरंग और महासमुंद के मध्य महानदी पुल पर गौ तस्करी के संदेह में गिरोह के लोगों द्वारा युवकों की बुरी तरह पिटाई की। उन्हें पूल से नीचे फंेक दिया। 3 में से दो युवकों की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल है। घायल युवक के बयान के बाद भी प्रदेश सरकार द्वारा इस मामले में कार्रवाई नहीं करना इस बात का साक्ष्य दे रहा है कि इन अपराधियों को भाजपा सरकार का खुलेआम समर्थन मिल रहा है। माब लिचिंग की घटना राज्य के माथे पर कलंक का टीका है। इस तरह गिरोह बनाकर कानून को हाथ में लेने का दुस्साहस कहां से आया? सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। घटना से जुड़े लोग किस संगठन से हैं, इसकी जांच कर सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए।


अन्य पोस्ट