महासमुन्द

रसोई गैस के लिए ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि समाप्त
01-Jun-2024 3:04 PM
रसोई गैस के लिए ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि समाप्त

70 फीसदी उपभोक्ताओं का ई-केवाइसी हुआ,30 फीसदी अभी भी शेष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,1जून। रसोई गैस के लिए ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि कल समाप्त हो गई। शुक्रवार 31 मई को ई-केवाईसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। अब जो उपभोक्ता शेष रह गए हैं, उन्हें फिर से तिथि बढऩे की आस लगी रहेगी। इस संबंध में शासन की ओर से कोई आदेश फिलहाल नहीं आया है। लेकिन चर्चा है कि रसोई गैस कनेक्शन का ई-केवाईसी नहीं कराने पर उपभोक्ताओं को मिलने वाली सब्सिडी बंद हो सकती है।

मालूम हो कि नवंबर 2023 में ई.केवाईसी कराने संबंधी निर्देश मिलने के बाद गैस में ई-केवाईसी कराने संबंधी निर्देश होते ही गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। उस दौरान 31 दिसंबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। इसके बाद जनवरी 2024 तक समय दिया। फिर मार्च तक उपभोक्ताओं को राहत दी गई। फिर 31 मई अंतिम तिथि निर्धारित की गई। अब यह भी समाप्त हो गई। अभी भी हजारों उपभोक्ता ई-केवाईसी नहीं करा पाए हैं।

जानकारी के मुताबिक महासमुंद जिले में करीब 70 प्रतिशत उपभोक्ताओं का ई.केवाइसी हुआ है और 30 प्रतिशत अभी भी शेष हैं। अब उन्हें फिर से तिथि बढऩे का इंतजार करना पड़ेगा। साथ ही ई-केवाइसी नहीं कराने पर असुविधाओं का सामना करना पड़ सकता है। खाद्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में कुल 2 लाख 71 हजार गैस कनेक्शनधारी हैं। इनमें से 71 हजार सामान्य उपभोक्ता हैं। वहीं उज्ज्वला योजना के तहत कुल करीब 2 लाख उपभोक्ता हैं।

जानकारी के अनुसार अब तक करीब 70 फीसदी की ही ई-केवाईसी हो पाई है। अंतिम तिथि में भी उपभोक्ता ई.केवाइसी कराने के लिए संबंधित गैस एजेंसी में पहुंचते रहे। गैस एजेंसी संचालकों ने बताया कि ई-केवाईसी नहीं कराने पर सब्सिडी और सिलेंडर सप्लाई पर असर पड़ सकता है। इसलिए ई.केवाईसी कराना जरूरी है। वहीं ई-केवाईसी करने से कई फर्जी कनेक्शनधारियों के कनेक्शन रद्द भी हो सकते हैं।

जिले में एलपीजी के 11392, भारत पेट्रोलियम के 2139 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 3092 कनेक्शन हैं। कुल 21374 कनेक्शन रिलीज हैं। हालांकि उज्ज्वला कनेक्शन के लिए हजारों आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिनकी छंटनी की जानी है। एक से अधिक कनेक्शन रखने वालों के अतिरिक्त कनेक्शन भी बंद किए जा रहे हैं। घरेलू गैस उपभोक्ताओं को वर्तमान में मामूली सब्सिडी मिल रही है, लेकिन सरकार ने सब्सिडी बढ़ाकर 500 रुपए तक करने की घोषणा की थी।

सब्सिडी का लाभ कोई फर्जी तरीके से ने उठाए, इसलिए ई-केवाईसी अनिवार्य की गई है।


अन्य पोस्ट