महासमुन्द

बसना की 9 समितियों में 82 फीसदी तेंदूपत्ते का संग्रहण
31-May-2024 2:52 PM
बसना की 9 समितियों में 82 फीसदी तेंदूपत्ते का संग्रहण

महासमुंद,31 मई। महासमुंद वन परिक्षेत्र के वन समितियों में तेंदूपत्ता तोडऩे का कार्य पूर्ण हो गया है। वन परिक्षेत्र अंतर्गत 10663 संग्राहक परिवार के सदस्यों से लक्ष्य 10600 मानक बोरी की तुलना में 8697.915 मानक बोरा तेंदूपत्ता का संग्रहण किया गया है। जिसमें सबसे अधिक बड़े साजापाली समिति में जबकि सबसे कम चंदखुरी समिति में संग्रहण हुआ है। इस वर्ष छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने पर तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक दर 4000 रुपए मानक बोरा से बढ़ाकर 5500 रुपए मानक बोरा किया गया है। जिसके चलते संग्रहण करने वाले ग्रामीण अंचल के परिवारों में खासा उत्साह देखने को मिला है।

 इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी बसना सुखराम निराला ने बताया कि वन परिक्षेत्र अंतर्गत सीजन 2024 में 28 मई तक शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार 9 समिति जेवरा, मेदनीपुर,गढफ़ुलझर,बसना,भंवरपुर, चंदखुरी, बिछिया, बड़े साजापाली और चनाट के वनांचल के 96 फड़ो में तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य किया गया। इस सीजन में 10600 मानक बोरा तेंदूपत्ता खरीदने का लक्ष्य रखा था।

 परंतु आखरी समय में खराब मौसम, बेमौसम बारिश और तेंदूपत्ता के लिए मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण इस वर्ष 8697.915 मानक बोरा तेंदूपत्ता 4 करोड़ 78 लाख 38 हजार 532 रुपए का संग्रहण किया गया। जो लक्ष्य का लगभग 82.05 प्रतिशत हैै।


अन्य पोस्ट