महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 मई। महासमुंद जिले के बसना थाना अंतर्गत पिथौरा ब्लॉक के जाड़ामुद्दा धान खरीदी केंद्र में धोखाधड़ी बाबत किसानों की शिकायत पर बसना थाने में धान खरीदी केंद्र प्रभारी और दोनों कंप्यूटर आपरेटर के खिलाफ धोखाधड़ी व गबन के तहत मामला दर्ज किया गया है। जनवरी में आई रिपोर्ट पर पुलिस आरोपितों की तलाश बीते छह माह से कर रही है, लेकिन सभी आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर हैं। छह माह में आरोपियों को गिरफ्तार न कर पाने से पुलिस के सूचना तंत्र व कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। इस मामले में कलेक्टर की जांच पुलिस को दे दी गई है। बावजूद इसके पुलिस के हाथ खाली है।
मालूम हो कि जाड़ामुड़ा धान खरीदी केन्द्र में लगातार एक के बाद एक फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां फर्जी तौर पर रकबा बढ़ाकर धान खरीदने के अलावा वास्तविक किसानों से लाखों रुपए धोखाधड़ी का मामला सामने आया तो धान संग्रहण केंद्र के समिति प्रबंधक और दो कंप्यूटर आपरेटर्स ने वास्तविक 19 किसानों के धान को धोखे में रखकर दूसरों के खाते में चढ़ा दिया। वास्तविक किसानों को अपने धान का एक पैसा नहीं मिला।
ग्रामीणों के अनुसार वास्तविक 19 किसानों के धान का मूल्य 32 लाख 90 हजार रुपए को फर्जीवाड़े में शामिल 10 किसानों के खाते में चढ़ाया गया है। इसमें वास्तविक किसानों का हक मारा गया है। अब ये किसान अपने हक के पैसे पाने के लिए छह महीने से परेशान हैं। मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित जाड़ामुड़ा में फर्जीवाड़े मामले का राजपाश तब हुआ जब किसानों ने अपने बेचे गए धान के पैसे नहीं आने पर धान खरीदी केंद्र में जमकर हंगामा किया।
इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल किया तो पता चला कि 19 किसानों के धान दूसरे ऐसे किसानों के खातों में चढ़ाकर बेच दिया गया है, जिनके पास जमीन कम थी। बाद में परतें खुलती गई। इस मामले में तत्कालीन किसान अमृत लाल प्रधान, डिग्रीलाल साहू, ऋषिकेश साहू, समीर बारीक, श्रीधर, अर्थों प्रधान, रामकृष्ण प्रधान, प्रेमशीला प्रधान, बिहारी लाल बरिहा, कैलाश भोई, कार्तिक राम, कृष्ण कुमार,मोहन लाल यादव, श्याम लाल, मनभरोसा, आनंद बिलाश, परीखित प्रधान, नरेश नन्द, अखलेश अपने उपजाए धान की राशि पाने अधिकारी, नेता के पास चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है।
इस मामले में बसना थाना प्रभारी आशीष वासनिक ने कहा था कि किसानों की शिकायत पर तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद से ही तीनों फरार है। जिनकी तलाश की जारी है। धान खरीदी में फर्जीवाड़ा के मामले में केंद्र प्रभारी और आपरेटरों के खिलाफ बसना थाने में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। जाड़ामुड़ा मामले में दो एफआईआर हुए हैं।
महासमुंद के कलेक्टर प्रभात मलिक का कहना है कि 19 किसानों से धान लेकर पैसे नहीं देने का मामला है, जिस पर एफआईआर हुई है। जांच में सामने आए आरोपितों को बर्खास्त किया गया है। अकाउंट फ्रिज किया गया है। दूसरा धान का रकबा फर्जी तौर पर बढ़ाने के मामले में भी एफआईआर हुई है। इसमें हमने 20 दिन पहले ही पुलिस को रिपोर्ट भेजी है। हमने पुख्ता प्रमाण भी दिया है। हालांकि पुलिस के जांच करने का तरीका अलग हो सकता है। इस पर एसपी बेहतर बताएंगे।
एसपी आशुतोष सिंह का कहना है कि मामले में पुलिस लगातार कार्य कर रही है। बहुत से दस्तावेजी साक्ष्य बरामद हो चुके हैं। कंप्यूटर जब्त किए जा चुके हैं। तकनीकी रूप से आवश्यक सभी साक्ष्य पुख्ता किए जा रहे हैं ताकि न्यायालय में पूरा प्रमाण साबित कर सकें। आरोपितों को पकडऩे दो बार टीम प्रदेश के बाहर दबिश दे चुकी है।