महासमुन्द

एनएमसीगाइडलाइन के अनुरूप फैकल्टी नहीं, महासमुंद मेडिकल कॉलेज को दो लाख जुर्माना
26-May-2024 2:33 PM
एनएमसीगाइडलाइन के अनुरूप फैकल्टी नहीं, महासमुंद मेडिकल कॉलेज को दो लाख जुर्माना

कमियों को दूरा करने 2 माह का समय मिला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 मई।
एनएमसी के गाइडलाइन के अनुरूप दो माह के भीतर फैकल्टी की कमी दूर नहीं होने पर मेडिकल कालेज महासमुंद की मान्यता पर असर पड़ सकता है। क्योंकि महासमुंद समेत प्रदेश के अन्य सभी मेडिकल कॉलेजों में भी सुविधा व फैकल्टी की कमी के कारण एनएमसी ने दो लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। कुछ कॉलेजों को सीटें कम करने की चेतावनी भी दी गई है।

हालांकि महासमुंद में 2 माह के भीतर फैकल्टी की कमी पूरी करने की शर्त पर वर्ष 2024-25 के लिए प्रवेश की अनुमति दी गई है। अब 2 माह में फैकल्टी नहीं मिले तो सीटें कम हो सकती हैं। मेडिकल कॉलेज बनने के बाद से शासन स्तर पर नहीं हुई नियुक्तियों, फैकल्टी सहित सभी चिकित्सकीय उपकरण की कमियों को पूरा करने अब सिर्फ 2 माह का समय मिला है। 

डॉ. ईआर वर्मा प्रोफेसर मेडिकल कॉलेेज हास्पिटल महासमुंद का कहना है कि हर तरह से कमियों को पूरा करने प्रयास करेंगे। लेकिन चिकित्सकों की भर्ती शासन स्तर का विषय है। व्यापम के माध्यम से ही भर्तियां होती है।

गौरतलब है कि अभी मेडिकल कॉलेज महासमुंद का भवन रायपुर मार्ग में निर्माणाधीन है। फलस्वरूप जिला अस्पताल में ही मेडिकल कॉलेज संबद्ध है। जिला अस्पताल के लिए बने भवन में मेडिकल कॉलेज का संचालन होना कठिन है। यहां जगह की कमी की वजह से भी अनेक मशीनों की स्थापना नहीं हो पा रही है। ऑपरेशन रेश्यो की कमी, सिटी स्कैन, सोनोग्राफी नियमित नहीं है।

चिकित्सकों की कमी, नर्सेस की कमी, नई नियुक्तियों का अभाव, चतुर्थ वर्ग कर्मचारी नहीं होने सहित अनेक जरूरी उपकरण नहीं होने की वजह से ही 2 लाख रुपए जुर्माना किया गया है।

मेडिकल कॉलेज से मिली जानकारी के अनुसार फैकल्टी की कमी दूर करने लगातार शासन से पत्र व्यवहार किया जा रहा है। वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 125 सीटों के लिए फैकल्टी व सीनियर रेसिडेंस ऑफिसर मिलाकर 60 फीसदी ही चिकित्सक पदस्थ हैं। इसमें 40 फीसदी चिकित्सक और चाहिए।


अन्य पोस्ट