महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 मई। विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर ग्रीन केयर सोसायटी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. विश्वनाथ पाणिग्राही ने महासमुंद वन मंडल के बेलसोंडा स्थित वन विभाग के प्रयोग गार्डन एवं हाथी कैंप में ट्रांसप्लांट किए गए पेड़ों का फॉलोअप किया। इस दौरान सभी पेड़ स्वस्थ मिले। इन पेड़ों में नई कोपले एवं पत्ते तेजी से आने लगे हैं।
डॉ. पाणिग्रही ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि पेड़ों के ट्रांसप्लांट की यह शत प्रतिशत सफलता है और निश्चित रूप से महासमुंद वन मंडल महासमुंद जिला पेड़ों के ट्रांसप्लांट के लिए अब मॉडल बन गया है। इसके लिए ग्रीन केयर सोसायटी ने वनमण्डलाधिकारी पंकज राजपूत एरेंजर टी आर सिन्हा एवम वन अमले को धन्यवाद ज्ञापन किया है।
डॉ. विश्वनाथ पाणिग्राही एवं डायरेक्टर अमूजूरी विश्वनाथ ने सरकार से मांग की है कि विकास कार्यों के लिए अब पेड़ों को अनावश्यक एवं अवैज्ञानिक कटाई न करते हुए महासमुंद ट्रांसप्लांट की तर्ज पर ट्रांसप्लांट करें। विशेषकर राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर महासमुंद मॉडल को देश भर में लागू करने की मांग की है और कहा है कि राजमार्गों की जद में आने वाले बड़े पेड़ों को काटने की बजाय ट्रांसप्लांट करेंं, विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण होगा।
गौरतलब है कि ग्रीन केयर सोसायटी इंडिया के अभियान में नेशनल हाईवे 353 बेलसौंडा रेलवे क्रॉसिंग से वन मंडल महासमुंद डीएफ ओ पंकज राजपूत की स्वीकृति पश्चात सर्वाइव करने योग्य 25 बड़े पेड़ों को उखाडक़र 2 पेड़ वन विभाग के प्रायोगिक गार्डन में तथा 23 पेड़ महासमुंद-तुमगांव रोड पर स्थित हाथी कैंप में परिक्षेत्र अधिकारी टी आर सिन्हा के नेतृत्व में वन अमले के सहयोग के साथ ट्रांसप्लांट किया गया था।
विशेषज्ञ अरनब मंडल कोलकाता एवं पर्यावरणविद डॉ. विश्वनाथ पाणिग्राही की देखरेख में सभी पौधे ट्रांसप्लांट किए गए थे।