महासमुन्द

स्वीकृति के 9 माह बाद लभराखुर्द के पास नया सर्व सुविधायुक्त बस स्टैंड का प्रस्ताव बना नपा ने भेजा
15-May-2024 3:11 PM
स्वीकृति के 9 माह बाद लभराखुर्द के पास नया सर्व सुविधायुक्त बस स्टैंड का प्रस्ताव बना नपा ने भेजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,15 मई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी टॉमसन रात्रे ने जानकारी दी है कि लभराखुर्द में करीब 3 एकड़ जमीन चिह्नांकित किया गया है, जिसमें 6.39 करोड़ की लागत से नया बस स्टैंड परिसर का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। प्रस्ताव पर स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ हो जाएगा। नया बस स्टैंड बनने के बाद बसों के खड़े होने के लिए पर्याप्त जगह होगी। सभी कामकाज व व्यवस्था प्लानिंग अनुरूप रहेगा साथ ही यात्रियों को सुविधाएं भी मिलेगी।

ज्ञात हो कि शहरवासी इस सुविधा का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। कई बार पालिका के बजट में इसे शामिल किया जाता रहा है। अब बजट में स्वीकृति मिलने के करीब 9 माह बाद लभराखुर्द के पास नया सर्व सुविधायुक्त बस स्टैंड निर्माण कराने का प्रस्ताव बनाकर नगर पालिका ने भेजा है।

गौरतलब है कि शहर के बीचों-बीच बस स्टैंड होने से काफी समस्याएं आती है। दिनभर बसें शहर से अलग.अलग रुटों के लिए निकलती रहती हैं। रायपुर, सरायपाली, बलौदाबाजार,राजिम, सिरपुर और बागबाहरा सहित अन्य रुटों पर चलने वाली बसों की संख्या दो सौ से ज्यादा है। बस चालकों को वाहन स्टैंड से निकालने व वापस स्टैंड में लाने के समय काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार दोनों ओर से बस आ जाने के कारण जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।

इस संबंध में बस संघ के अध्यक्ष राकेश चंद्राकर ने बताया कि वर्तमान में करीब 250 बसें विभिन्न रुटों पर चल रही है। बस स्टैंड में जगह की कमी महसूस हो रही है। बसों को खड़ी करने के लिए जगह कम पड़ रही है। अंदर लगने वाले ठेले.गुमटियों के कारण भी अव्यवस्था हो रही है। बस स्टैंड के अंदर ऑटो व अन्य वाहनों के खड़े होने से भी परेशानी होती है। नया बस स्टैंड बनने से परेशानियों से छुटकारा मिल जाएगा।


अन्य पोस्ट