महासमुन्द
पुलिस अफसरों-जवानों ने अल सुबह दी थी दबिश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 मई। आईपीएल सट्टे को लेकर मिले एक इनपुट के बाद पुलिस ने रविवार अल सुबह पिथौरा के 3 स्थानों पर जांच-पड़ताल की। लेकिन इनपुट के मुताबिक कुछ मिला नहीं। रविवार को इन 3 संस्थानों में जांच करीब 5 घंटे चली।
पिथौरा के 3 संस्थानों में रविवार अल सुबह 5 बजे से पुलिस की 3 टीमों को देखने के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं चल पड़ी। बाद में पता चला कि पुलिस को एक आईपीएल सट्टे को लेकर एक इनपुट मिला था।
जांच आगे बढ़ी तो संबंधित लोगों के यहां बड़े-बड़े ट्रांजेक्शन होने की बात सामने आई। एक लिंक से दूसरे लिंक का पता चलता गया। बात पिथौरा तक जा पहुंची।
जिले के विभिन्न थानों से 40-50 पुलिस अफसर और जवानों की 3 अलग-अलग टीमों ने कल सुबह 5 बजे पिथौरा के तीन संस्थानों में सरप्राइज जांच-पड़ताल की। डीएसपी कृष्णा पटेल पूरे मामले को लीड कर रहे थे।
टीम ने करीब 5 घंटे तीनों संस्थानों में छानबीन की। जांच का फोकस आईपीएल सट्टेबाजी की बड़ी राशि की तलाश पर था। कागजातों की छानबीन और गहन पूछताछ के बाद तीनों स्थानों पर बिना हिसाब की राशि नहीं मिली।
इनपुट ये था कि उक्त संस्थानों में बड़े पैमाने पर आईपीएल सट्टे की राशि रखी गई है, लेकिन ऐसा नहीं मिलने पर जांच टीमें 10 बजे के आसपास लौट गई। यह जांच पड़ताल 2 सराफ ा और एक फैंसी स्टोर्स संचालक के यहां की गई। 2 दिन पूर्व सुभाष नगर महासमुंद से कोतवाली पुलिस ने साकेत नामक युवक को ऑनलाइन सट्टा खिलाते गिरफ्तार किया था। उससे सट्टा-पट्टी, मोबाइल और रुपए जब्त किए गए थे। बाद में उसे जेल भेज दिया गया था।
बताया गया है कि इस सटोरिये से आगे की लिंक पुलिस को मिला। पुलिस ने जांच की तो वहां से पिथौरा का लिंक मिला। तथा जांच में सामने आया कि उपरोक्त लिंक से बड़े-बड़े ट्रांजेक्शन हुए थे। इस इनपुट के माध्यम पर कल की यह जांच-पड़ताल की गई थी। कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर पंचनामा तैयार किया गया है।