महासमुन्द

शहरी वेलनेस सेंटर निर्माण की गति कछुआ चाल में, भवन तैयार लेकिन फिनिशिंग 5 माह से बंद
13-May-2024 2:10 PM
शहरी वेलनेस सेंटर निर्माण की गति कछुआ चाल में,  भवन तैयार लेकिन फिनिशिंग 5 माह से बंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 13 मई। नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए शहर के पृथक-पृथक वार्डों में बनाए जा रहे शहरी वेलनेस सेंटर निर्माण की गति कछुआ चाल में चल रही है। सभी मोहल्लों के वेलनेस सेंटर की बिल्डिंग बनकर तैयार हो चुकी है। बिल्डिंग पर हमर क्लिनिक का बोर्ड भी लगाया जा चुका है, लेकिन भीतर के फिनिशिंग कार्यों में विलंब हो रहा है।

शासन की मंशा है कि वेलनेस सेंटर बन जाने से मेडिकल कॉलेज में सर्दी, खांसी, बुखार, बीपी जैसे मरीजों का दबाव मेडिकल कॉलेज में कम होगा। लेकिन पिछले 3 साल में भी क्लिनिक का श्रीगणेश नहीं हो सका है। जिससे अब भी छोटी बीमारियों के लिए मरीज मेडिकल कॉलेज पर ही निर्भर हैं। शहर के मरीजों का दबाव शहर के मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में पडऩे लगा है।

मालूम हो कि वर्ष 2022 से वेलनेस सेंटर का काम शुरू हुआ। लेकिन आज तक काम चल ही रहा है। इनमें से एक भी वेलनेस सेंटर में उपचार शुरू नहीं हो सका है। जैसे-तैसे शहर के पिटियाझर, मौहारी भांठा, गुड़रू पारा में बिल्डिंग तैयार तो है लेकिन फिनिशिंग कार्य विधानसभा चुनाव के दौरान ही बंद हो गई है, जो लोकसभा चुनाव समाप्त होने के बाद भी शुरू नहीं हो सकी है।

 मेडिकल कॉलेज में मरीजों के दबाव को देखते हुए शासन ने कोई वर्ष भर पूर्व छत्तीसगढ़ में 158 नए प्राथमिक चिकित्सालयों को स्वीकृति प्रदान की थी। इनमें से 4 महासमुंद के पृथक-पृथक मोहल्लों में निर्माण हो रहे हैं।

वैसे तो प्रारंभ में सर्वे के दौरान ही विभाग को अनेक मोहल्ले में विरोध का सामना करना पड़ा था। जिसकी वजह से इसमें ऐसे ही विलंब हो गया। अब इंफ्र ास्टक्चर खड़ा होने के बाद भी विलंब हो रहा है। मोहल्लों में शहरी स्वास्थ्य केंद्र खोलने का उद्देश्य लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल या फिर दूर के अस्पतालों पर आश्रित न रहना पड़े था।

 जानकारी के मुताबिक इन्फ ्रास्ट्रक्चर के लिए 25 लाख और 12 लाख रुपए दवाओं के लिए दिए गए हैं। कहा जा रहा था कि एक शहरी स्वास्थ्य केंद्र में पांच लोगों का स्टाफ  रहेगा। एक एमबीबीएस डॉक्टर, एक स्टॉफ  नर्स, एक एमपीडब्ल्यू, एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और एक कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति की जाएगी। यह भी कहा गया था कि यहां डॉक्टरों की भर्ती स्टेट लेवल पर होगी। जबकि स्टाफ  नर्स,  एमपीडब्ल्यू, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और एक कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति जिला स्तर पर होगी।


अन्य पोस्ट