महासमुन्द

सरायपाली विधायक की पहल पर जोगनीपाली के हितग्राहियों को राशन मिलना शुरू
11-May-2024 2:34 PM
सरायपाली विधायक की पहल पर जोगनीपाली के हितग्राहियों को राशन मिलना शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,11 मई। शासकीय उचित मूल्य की दुकान जोगनीपाली के अनेक हितग्राहियों ने दुकान के सेल्समेन की मनमानी के चलते उन्हें नियमित रूप से राशन नहीं मिलने की शिकायत विधायक चाातुरी नंद से की थी। साथ ही उन्होंने बताया था कि 15 दिन पहले से ही सेल्समेन के द्वारा राशन कार्ड में एन्ट्री कर दिया गया था, लेकिन उन्हें राशन नहीं दिया गया। इसके अलावा कभी भी समय पर राशन नहीं मिलने की शिकायत ग्रामीणों ने की थी। लेकिन अब विधायक की पहल पर आज से शासकीय उचित मूल्य की दुकान जोगनीपाली से हितग्राहियों को नियमित राशन न मिलना शुरू हो गया है।

मालूम हो कि ग्राम जोगनीपाली के ग्रामीणों ने नियमित राशन न मिलने की शिकायत पर विधायक चातुरी नंद ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। जिस पर हितग्राहियों को आज से राशन मिलना शुरू हो गया है।

विधायक श्रीमती नंद ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि अखबारों के माध्यम से उन्हें जोगनीपाली के ग्रामीणों को राशन नहीं मिलने की जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल जिला खाद्य अधिकारी एवं स्थानीय खाद्य निरीक्षक को जोगनीपाली में राशन उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने आज ही राशन वितरण शुरू न होने पर सेल्समेन के ऊपर कार्रवाई करने के लिए कहा।

विधायक के निर्देश के बाद खाद्य अधिकारी तुरंत हरकत में आये और जोगनीपाली पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने राशन वितरण करवाने के साथ-साथ सेल्समेन को भविष्य में भी लापरवाही नहीं करने की चेतावनी दी और लापरवाही पाये जाने पर कार्रवाई की बात कही है।

 


अन्य पोस्ट