महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 मई। मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। कभी बारिश,कभी तेज धूप लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल रहा है। ऐसे में लोग बुखार व अन्य मौसमी बीमारियों से पीडि़त होकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पहुंच रहे हैं। अस्पताल में प्रतिदिन करीब 550 मरीज ओपीडी में आ रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा जनरल मेडिसिन के मरीज हैं। जिसमें मौसमी बीमारियां शामिल हैं। मालूम हो कि अप्रैल माह में मौसम में काफी बदलाव देखने को है।
बीच-बीच में अंधड़ व गरज-चमक के साथ बारिश हुई है। वहीं बारिश के बाद भी दिन का तापमान 40 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। वहीं सामान्य दिनों में तापमान 42 डिग्री तक पहुंचा है। ऐसे में बारिश और तेज धूप के बीच लोगों को काफी समस्याएं हुई हैं। माह के अंतिम में ही 38 डिग्री से 42 डिग्री के बीच तापमान में परिवर्तन हो रहा था। इस दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रतिदिन ओपीडी 550 के आसपास रही है। शासकीय अवकाश वाले दिन भी मरीज पहुंच रहे थे।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक अप्रैल में ओपीडी में करीब 12 हजार मरीज पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा 2 हजार मरीज जनरल मेडिसिन में पहुंचे। वहीं आंख संबंधी समस्या लेकर करीब 1 हजार मरीज पहुंचे। इसके अलावा धूप के कारण त्वचा संबंधी समस्या लेकर करीब 800 मरीज अस्पताल पहुंचे। अस्पताल अधीक्षक डा. बसंत माहेश्वरी ने बताया कि वर्तमान में मौसम के कारण लोग विभिन्न बीमारियों से पीडि़त होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। अस्पताल में मरीजों का उचित इलाज किया जा रहा है। स्थिति के अनुसार मरीजों को अस्पताल में भर्ती भी किया जा रहा है।