महासमुन्द

भाजपा और कांग्रेस का नामांकन रैली के बहाने शक्ति प्रदर्शन: आज ताम्रध्वज, कल रूपकुमारी चौधरी नामांकन दाखिल कर रहे
02-Apr-2024 2:55 PM
 भाजपा और कांग्रेस का नामांकन रैली के बहाने शक्ति प्रदर्शन: आज ताम्रध्वज, कल रूपकुमारी चौधरी नामांकन दाखिल कर रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अप्रैल।
शहर में तापमान के साथ अब लोकसभा चुनाव का सियासी पारा भी चढऩे लगा है। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों में बैठकों का दौर जारी है। भारत निर्वाचन आयोग से लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद से ही प्रत्याशियों ने नामांकन फ ॉर्म लेना शुरू कर दिया है। वहीं महासमुंद में दो प्रमुख पार्टियां भाजपा और कांग्रेस नामांकन रैली के बहाने शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में जुटी हैं।

नामांकन दाखिले से पहले भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी अपने पक्ष में मतदान के लिए जनता के बीच भरी गर्मी में पसीना बहा रहे हैं। आज कांग्रेस की नामांकन रैली होने जा रही है। प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू आज नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं कल भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी नामांकन जमा करेंगी। कल रूपकुमारी की रैली से पहले भाजपा की सभा होगी जिसमें सीएम विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। 

मंगलवार 2 अप्रैल को कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू रैली के साथ नामांकन जमा करेंगे। कांग्रेस भवन में आज सभा आहुत है। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत अन्य नेता शामिल हो रहे हैं। सभा के बाद यहां से रैली निकलेगी।

इसी तरह 3 अप्रैल को भाजपा की प्रत्याशी रूपकुमारी नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन जमा करने से पूर्व स्थानीय हाईस्कूल मैदान में उनकी चुनावी सभा होगी। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, छग प्रभारी नितिन नबीन सहित पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे।

महासमुंद लोकसभा में महासमुंद, खल्लारी, बसना, सरायपाली, धमतरी, कुरूद, बिंद्रानवागढ़ और राजिम विधानसभा आते हैं। महासमुंद लोस क्षेत्र में 17 लाख 59 हजार 181 मतदाता पंजीकृत हैं। 8 लाख 65 हजार 125 पुरुष, 8 लाख 94 हजार 23 महिला व 33 तृतीय लिंग के वोटर हैं। इसमें से 47 हजार 511 वोटर 18 से 19 वर्ष के हैं। 17 हजार 338 दिव्यांग मतदाता, 80 से अधिक आयु के 16 हजार 130 व 100 से अधिक वर्ष के 191 बुजुर्ग मतदाता पंजीकृत हैं।

नामांकन जमा करने 4 अप्रैल को आखिरी तारीख है। नाम निर्देशन पत्र दाखिले के लिए अब सिर्फ  2 दिन ही रह गए हैं। 1 अप्रैल को वार्षिक लेखाबंदी के कारण अवकाश होने से नामांकन दाखिल नहीं किए जा सके। अब सिर्फ  2 दिन कल और परसों 4 अप्रैल को ही नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही 28 मार्च से नाम-निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हुई है।

महासमुंद लोकसभा सीट के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 अप्रैल तक है। 5 अप्रैल को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। नाम वापसी 8 अप्रैल तक हो सकेगा। 8 अप्रैल को ही रिटर्निंग अधिकारी अभ्यर्थियों को चुनाव चिह्न आबंटित करेंगे। वहीं 26 अप्रैल को मतदान और 4 जून को मतगणना होगी।
 


अन्य पोस्ट