महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 मार्च। समिति जाड़ामुड़ा के पीडि़त किसानों ने सीएम से की धान की राशि जल्द दिलाने की मांग
प्राथमिक साख समिति जाड़ामुड़ा पंजीयन क्रमाक 879 बसना महासमुंद के किसानों द्वारा बेचे गये धान के पैसे धान उपार्जन केन्द्र के समिति प्रबंधक और ऑपरेटर के द्वारा फर्जीवाड़ा कर गबन किये जाने, फर्जी रकबा बढ़ाकर शासन को करोड़ों का नुकसान पहुंचाने एवं पीडि़त किसानों के धान की राशि दिलवाने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर पटवारी कार्यालय के सामने महासमुंद में शिवसेना ने एक दिवसीय धरना दिया। धरना स्थल पर महासमुंद विधायक राजू सिन्हा ने उपस्थित होकर किसानों की मांगों का समर्थन किया।
मालूम हो कि किसानों की जमीन पर फर्जी तरीके से रकबा बढ़ाकर किसानों के खाते राशि ट्रांसफर होने का मामला सामने आया था। 19 किसानों का फर्जी तरीके से रकबा बढ़़ाकर किसानों के पट्टे में धान बेचकर राशि आहरण की गई है। रिपोर्ट के आधार पर बसना पुलिस ने समिति प्रबंधक उमेश भोई सहित दो कम्प्यूटर आपरेटर और एक किसान के विरुद्ध अपराध की धारा 420,34 के तहत् मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
लगभग एक माह हो गया आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर फरार बताये जा रहे हैं। बसना पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।