महासमुन्द

केंद्र में कांग्रेस शासन बनने से सभी को मिलेगा न्याय-विनोद
11-Mar-2024 2:09 PM
केंद्र में कांग्रेस शासन बनने से सभी को मिलेगा न्याय-विनोद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,11मार्च। पूर्व संसदीय सचिव व पूर्व विधायक महासमुंद विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने कहा कि महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से इस बार कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू का विजय निश्चित है। बीते विधानसभा चुनाव में महासमुंद संसदीय क्षेत्र के आठों विधानसभा में कांग्रेस का वोट प्रतिशत भाजपा से कहीं ज्यादा था। इसके अलावा पूर्व गृहमंत्री व महासमुंद के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू के अनुभव तथा कांग्रेस शासन के दौरान कराए गए विकास कार्यों का लाभ भी कांग्रेस प्रत्याशी श्री साहू को मिलेगा।

                उन्होंने जारी विज्ञप्ति में कहा कि  राजनांदगांव लोकसभा शीट से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भारी बहुमत से जीतेंगे। श्री बघेल की लोकप्रियता व उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान छत्तीसगढ़ का चहुमुंखी विकास हुआ। जिसका लाभ छत्तीसगढ़ के सभी 11 संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को मिलेगा।  श्री चंद्राकर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के 10 सालों के कार्यकाल में  केवल धर्म की राजनीति हुई।

जात पात के नाम पर मोदी ने देश में नफरत का माहौल बना दिया। बेतहाशा महंगाई बढ़ी है। बेरोजगारी से पूरे देश के युवा वर्ग में हताशा है। देश का आर्थिक ढांचा कमजोर हुआ है। महंगाई कम करने, हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार का वादा किया था। लेकिन एक भी वादे पूरे नहीं किएए केवल 10 सालों तक जुमलेबाज़ी में गुजार दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद राहुल गांधी ने कांग्रेस की सरकार बनने पर महंगाई कम करने, किसानों को एमएसपी की गारंटी और बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा किया है।

 केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने पर देश में सभी वर्गों को न्याय मिलेगा। कांग्रेस ने हमेशा जनता से किये वादों को पूरा किया है। इस बार भी कांग्रेस की सरकार बनने पर सभी वादे पूरे किये जाएंगे। श्री चंद्राकर ने छत्तीसगढ़ की आम जनता से आव्हान करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रत्याशियों को लोकसभा चुनाव में भारी मतों से विजयी बनाएं ताकिए देश तरक्की और विकास के रास्ते पर चल सके।


अन्य पोस्ट