महासमुन्द
शिकायत के बाद जांच में पहुंचे थे रायुपर से अधिकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11मार्च। बसना प्रतिभा पब्लिक स्कूल खटखटी बसना के द्वारा संचालित 11 वीं, 12 वीं की कक्षाओं को बगैर मान्यता स्कूल का संचालन जारी है। वर्षों से संचालित इस स्कूल में छत्तीसगढ़ शासन शिक्षा विभाग ने कक्षा पहली से दसवीं तक की कक्षाओं को मान्यता प्रदान किया हुआ है। लेकिन यहां 11वीं और 12वीं की कक्षाएं भी संचालित हैं जिसके लिए स्कूल को सरकार से मान्यता नहीं मिली है।
स्कूल के प्राचार्य से इस मामले में बात नहीं हो पाई है लेकिन पता चला है कि नीलेश अग्रवाल ने स्कूल में 11वीं और 12वीं की पढ़ाई की शिकायत शिक्षा विभाग से की थी। जिस पर विभाग के अधिकारियों ने जांच की थी और जाच में शिकायत सही पाई गई थी। शिकायत सही मिलने के बाद भी अब तक इस स्कूल में कक्षा 11वीं और 12वीं की पढ़ाई जारी है। चूंकि अब परीक्षा का समय है और खासकर 12वीं कक्षा के बच्चों के हालातों की जानकारी चाहिए थी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
बस इतनी ही जानकारी हो सकी है कि नीलेश अग्रवाल की शिकायत पर संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग रायपुर की टीम ने प्रतिभा पब्लिक स्कूल खटखटी की जांच पड़ताल की थी। अधिकारियों ने जांच में पाया था कि स्कूल शिक्षा विभाग से बगैर मान्यता के 11वीं-12वीं की कक्षाएं संचालित की जा रही है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय महासमुंद के अधिकारियों का कहना है कि प्रतिभा पब्लिक स्कूल के संबंध में शिकायत मिली थी। स्कूल की जांच करने रायपुर से अधिकारी आये थे। दोनों पक्षों का बयान लेकर जांच प्रतिवेदन संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग कार्यालय को सौंपा गया है। प्रतिवेदन की कापी कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। 11वीं-12वीं कक्षाओं की मान्यता विषय पर कुछ नहीं बता सकता।
अमर दास कुर्रे सहायक संचालक जांच समिति सदस्य कार्यालय संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग रायपुर का कहना है कि शिकायत कर जांच की मांग की गई थी। संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग रायपुर की टीम ने जांच पड़ताल की है। जांच में पाया गया कि स्कूल शिक्षा विभाग से बगैर मान्यता के 11वीं 12वीं की कक्षाएं संचालित की जा रही है।
मीता मुखर्जी जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद कहती हैं कि प्रतिभा पब्लिक स्कूल की शिकायत की गई है तो जांच अधिकारी ही बता पायेंगे। 11 वीं-12वीं कक्षाएं संचालित होने की मुझे जानकारी नहीं है। यहां भी प्रतिभा पब्लिक स्कूल के संबंध में शिकायत मिली थी, पर जांच के लिए प्रतिवेदन रायपुर कार्यालय को भेजा गया था।