महासमुन्द
शिक्षक स्कूल से न भागे, इसलिए वीडियो कॉल से करते हैं मानिटरिंग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 फरवरी। आमतौर पर यह देखा जाता है कि कई शिक्षक स्कूल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के बाद बाहर चले जाते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। बच्चे भी शिक्षक नहीं होने के कारण पढ़ाई छोडक़र इधर.उधर घुमते नजर आते हैं। इनसे बचने के लिए संकुल केंद्र मोंगरापाली के संकुल समन्वयक ठाकुर राम साहू ने वीडियो काल का सहारा लिया है। वे हरदिन तीन बार वीडियो काल से संकुल के शिक्षकों से बात करते हैं और स्कूली गतिविधियों की जानकारी लेते हैं। संकुल समन्वयक ठाकुर राम साहू ने बताया कि सामूहिक वीडियो काल में पहली बार विलंब से आने वाले शिक्षक को 15 मिनट का समय व चेतावनी दिया जाता है। दूसरी बार में कारण बताओ नोटिस, अंतिम में उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाकर कार्रवाई की जाती है।
सामूहिक वीडियो काल से सभी स्कूलों में घूम-घूम कर मानिटरिंग करने का समय बचता है। इस संकुल केंद्र के अंतर्गत 10 स्कूल आते हैं। जिसमें प्राथमिक शाला चारभांठा, डोंगरगांव, मोंगरा पाली, रेवा, खुड़मुड़ी, सराईपाली, डोंगरी स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति बढ़ाने को लेकर जगबाहरा विकासखंड के अंतिम छोर में स्थित संकुल केंद्र मोंगरापाली के संकुल समन्वयक ने नवाचार किया है। वे संकुल के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों में शिक्षकों की शत प्रतिशत उपस्थिति के लिए सामूहिक वीडियो काल का सहारा लेते हैं। इस तरह 10 स्कूल के 26 शिक्षक दिन में तीन बार सामूहिक वीडियो काल से जुड़ते हैं और अपने स्कूल की गतिविधियों को दिखाते हैं। संकुल समन्वयक के इस प्रयास से शिक्षकों में भी खुशी है।
प्राथमिक शाला डोंगरगांव की प्रधानपाठक भारती ठाकुर के मुताबिक संकुल समन्वयक के नवाचार से शिक्षकों में जागरूकता आई है। सभी शिक्षक निर्धारित समय पर स्कूल पहुंच जाते हैं। प्राथमिक शाला रेवा के प्रधानपाठक ने कहा कि नवाचार से शिक्षकों के स्कूल आने-जाने वाले समय में काफी सुधार हुआ है। दिन में दो से तीन बार ग्रुप वीडियो कॉल के जरिए अपनी उपस्थिति दिखाते हैं। एचएसएस मोंगरापाली के प्राचार्य विकास साहू ने कहा कि इस नवाचार से शिक्षकों को संकुल स्तरीय बैठक में लगने वाले समय की बचत हो जाती है। इस ग्रुप वीडियो कालिंग के जरिए चर्चा परिचर्चा कर उपचारात्मक शिक्षा में काफी मदद मिलती है। साथ ही अन्य शिक्षक अपने किसी भी शंका की स्थिति में साथी शिक्षकों से सुधारात्मक सहायता ले रहे हैं। इस संकुल में छात्रों की 908 दर्ज संख्या है।