महासमुन्द
प्रबंधक ने बोगस तरीके से 37 लाख की धान खरीदी दिखा राशि निकाली
ओडिशा से कम मूल्य पर धान लाकर कमी पूरा करने की तैयारी चल रही थी, जांच जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 फरवरी। जाड़ामुड़ा के बाद महासमुंद जिले में धान खरीदी में एक और फर्जीवाड़ा सामने आया है। बार बेलमुंडी धान खरीदी केन्द्र में लगभग 37 लाख रुपए कीमती धान की फर्जी खरीदी की खबर है। शिकायत के बाद मामले को संज्ञान में लेकर अधिकारी जांच की कार्रवाई शुरू कर चुके हैं। अभी कार्रवाई जारी है।
बताया जा रहा है कि इस खरीदी केन्द्र में कुल खरीदी से 1200 क्विंटल धान कम है। यहां ओडिशा से कम मूल्य पर धान लाकर कमी पूरा करने की तैयारी चल रही थी।
विभागीय जानकारी अनुसार बेलमुण्डी धान खरीदी केंद्र में इस वर्ष कुल 67 हजार 810 क्विंटल धान की खरीदी हुई है, जिसमें 49240 क्विंटल धान राइस मिलर ने डी ओ के माध्यम से उठाव किया है शेष 18570 क्विंटल 46485 कट्टे धान खरीदी केंद्र में होना चाहिए। लेकिन आज की स्थिति में खरीदी केंद्र में लगभग 43425 क्विंटल ही धान शेष दिख रहा है। कहा जा रहा है कि यहां 1200 क्विंटल धान कम है। वर्तमान में बेलमुंडी धान खरीदी केंद्र में पदस्थ खरीदी प्रभारी पर सन 2020-21 में 26 लाख के धान शार्टेज पर एक बार कार्रवाई हो चुकी है।
छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाने के बाद किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान और प्रत्येक क्विंटल धान का समर्थन मूल्य 3100 में रुपए देने का वादा है।
आरोप है कि इसी बढ़े हुए मूल्य पर धान खरीदी प्रभारी ने यह खेल कर दिया। समर्थन मूल्य पर प्रत्येक क्विंटल धान का 3100 मिलेगा, इसलिए ओडिशा से 1900 से 2000 प्रति क्विंटल की दर से धान मंगाकर कर कमी पूरा कर रहे हंै और सरकार के अलावा जिला प्रशासन की आंखों में धूल झोंक कर प्रतिक्विंटल 1100 रुपए का अवैध लाभ ले रहे हैं। पूरे छत्तीसगढ़ में धान खरीदी वर्ष 2023.24 में 01 नवम्बर 2023 से 04 फऱवरी 2024 तक सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीदी की जा रही थी। इसी खरीदी वर्ष में महासमुंद जिले के धान खरीदी में एक के बाद एक फर्जीवाड़ा सामने आ रहा है।
ताजा मामला जिले के सरायपाली ब्लाक के बेलमुंडी धान खरीदी केंद्र का है। जहां बिना धान लाये ही बोगस तरीके से लगभग 37 लाख के लगभग 1200 क्विंटल धान की खरीदी दिखाकर राशि निकाल ली गयी है।