महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 फरवरी। छत्तीसगढ़ प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन द्वारा ग्राम खैरबना जिला खैरागढ़ में भारत कोकिला सरोजनी नायडू जयंती के उपलक्ष्य में चलो गांव की ओर गीत यामिनी कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित कवि सम्मेलन में ग्रामवासियों ने बतौर विशेष अतिथि महासमुंद से आमंत्रित कवि द्वय अशोक शर्मा व बन्धु राजेश्वर खरे को शाल श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। दोनों ने अपनी अपनी उत्कृष्ट रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं से खूब तालियां बटोरी।
मुख्य अतिथि चन्द्रकांत वर्मा आईएएस कलेक्टर खैरागढ़ केसीजी थेे। कवि सम्मेलन का संचालन अध्यक्ष व जाने माने नामचीन कवि व्यंग्यकार रवि श्रीवास्तव ने किया। वरिष्ठ गीतकार डा. जीवन यदु राही के साथ ही खैरागढ़ अंचल के कवियों ने भी प्रभावी रचनाओं का पाठ किया। आयोजन का संचालन डॉ.प्रशान्त झा ने किया।
कार्यक्रम से लौटकर बन्धु राजेश्वर खरे ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया-ग्राम खैरबना खैरागढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 15 किमी की दूरी पर लांजी मार्ग में स्थित है। इस गांव की कुछ विशेषताएं है। यह गांव समाज सुधारक संत कबीर का अनुयायी गांव है। इस गांव में पुलिस, थाना, कोर्ट, कचहरी जाने का आज तक कोई रिकार्ड नहीं है। पूर्णत: विवाद मुक्त गांव है। यहां के तालाबों में आज तक किसी ने मछली तक नहीं मारा। अहिंसा के इतने बड़े व पक्के पुजारी हैं यहां के निवासी। हमारी कविताएं व गीत सुनकर गांव वालों ने हमें धन्य किया। ऐसे गांव में काव्य पाठ करने का हमें सौभाग्य प्राप्त हुआ जो हमारे मानस पटल में सदैव अंकित रहेगा।