महासमुन्द
2019 के मुकाबले इस वर्ष गंभीर कुपोषित बच्चों की संख्या में 385 की कमी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 फरवरी। तमाम प्रयासों के बाद भी कुपोषण के विरुद्ध कोई खास परिणाम नजर नहीं आ रहा है। कोरोना काल के बाद से गंभीर कुपोषण में आंशिक रूप से ही कमी आई है। जबकि इसे जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिवर्ष लाखों रुपए खर्च किए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार जिले भर में 5066 बच्चे गंभीर कुपोषण से जंग लड़ रहे हैं। हालांकि 2019 के मुकाबले इस वर्ष गंभीर कुपोषित बच्चों की संख्या में 385 की कमी आई है। पर अंतर बड़ा नहीं है। जानकारी मिली है कि ऐसे बच्चों को कुपोषण से उबारने के लिए जिले में सिर्फ दो पोषण पुर्नवास केंद्र है। जहां 15-15 बच्चों का शिप्ट के अनुसार 15-15 दिनों तक विशेष देखभाल किया जाता है।
नए आंकड़ों के मुताबिक जिले में कुपोषित बच्चों की 21 हजार 236 है। इसमें गंभीर कुपोषित बच्चों की संख्या 5066 है। इन बच्चों के खान-पान समेत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए महासमुंद और सरायपाली में ही पोषण पुर्नवास केंद्र की व्यवस्था है। एक वर्ष लगभग में 700 बच्चों को ही इन केंद्रों का लाभ मिल पाता है। दोनों पुर्नवास केंद्रों में 15-15 सीटें हंै। इसके अलावा विकासखंड बसना, पिथौरा, बागबाहरा के गंभीर कुपोषित बच्चों को इन्हीं दोनों केंद्रों में लाया जाता है।
जिले में सबसे ज्यादा कुपोषित बच्चे बागबाहरा में 1124 और सरायपाली में 1027 हैं। जिले में कुल बच्चों की संख्या 81 हजार 675 है। सामान्य बच्चे 59 हजार 739, मध्यम कुपोषित 16 हजार 872 और कुपोषित बच्चे 5 हजार 066 हैं। महासमुंद शहर में सबसे कम 169 ही कुपोषित बच्चे हैं।
जिला अस्पताल को बच्चों को सुपोषित करने के मामले में प्रदेश में प्रथम स्थान भी मिल चुका है। लेकिन बच्चों की संख्या के हिसाब से अभी भी कम बच्चे ही लाभांवित हो रहे हैं। गंभीर कुपोषित बच्चों की संख्या के आधार पर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि सुविधाएं हैं, लेकिन कम हैं। पोषण पुनर्वास केंद्र के माध्यम से बच्चों में स्वास्थ्य में सुधार भी आता है और महिलाओं को भी प्रोत्साहन राशि प्रतिदिन के हिसाब से दी जाती है। इसके बाद भी कई ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं इसका लाभ नहीं ले पाती हैं।
पुर्नवास केंद्र में बच्चों को भर्ती कराने के लिए जिले में अन्य जिलों से अलग व्यवस्था है। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम जाती है और उसके बाद बच्चों का चिह्नांकन किया जाता है। फिर महिला एवं बाल विकास के माध्यम से बच्चों को भर्ती कराया जाता है। विभाग के अनुसार समय-समय पर शिविर लगाकर बच्चों की पहचान की जाती है और पोषण पुनर्वास केंद्र में भेजा जाता है। महिला एवं बाल विकास विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में गंभीर कुपोषित बच्चों की संख्या में इस वर्ष कमी आई है। वर्ष 2018 में गंभीर कुपोषित बच्चे 5451 थे। 2023-24में इनकी संख्या 5066 है। इस संबंध में महिला बाल विकास अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया है।