महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 फरवरी। विगत दिनों अंचल के एक धान खरीदी केन्द्र में रिपोर्टिंग के लिए पहुंचे एक पत्रकार व उनके साथियों के साथ वहां के कुछ कर्मचारियों के द्वारा मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया था। जिसकी शिकायत पत्रकार के द्वारा थाने में की गई थी। उक्त मामले में सरायपाली पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार विगत 1 फरवरी को एक दैनिक अखबार के संवाददाता इरफान शेख अपने दो साथियों नारायण व अंकित के साथ धान खरीदी के संबंध में जानकारी लेने उपार्जन केन्द्र रिसेकेला पहुंचे थे। इस दौरान मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उनके साथ वाद विवाद किया, गाली गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा पत्रकारों से मारपीट की गई।
प्रार्थी संवाददाता की शिकायत पर थाना प्रभारी शिवानंद तिवारी की टीम ने टिकेंद्र पटेल उम्र 34 वर्ष, अनिरुद्ध पटेल उम्र 21 वर्ष एवं कमलेश पटेल उम्र 27 वर्ष को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ थाना सरायपाली में धारा 294, 323, 506, 34 के तहत अपराध कायम किया गया है।