महासमुन्द

रायपुर-महासमुंद-संबलपुर के बीच नई रेललाइन निर्माण को रेल मंत्रालय से मंजूरी, खुशी की लहर
07-Feb-2024 2:34 PM
रायपुर-महासमुंद-संबलपुर के बीच नई रेललाइन निर्माण को रेल मंत्रालय से मंजूरी, खुशी की लहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 फरवरी। रायपुर से संबलपुर के बीच नई रेललाइन निर्माण के लिए रेल मंत्रालय से मंजूरी मिल जाने के बाद इसकी सूचना मिलते ही लाभान्वित होने वाले आमजनता में खुशी की लहर देखी जा रही है।

रेल मंत्रालय व मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार इस रेलमार्ग हेतु प्रारंभिक रूप से स्वीकृति टोकन मनी भी जारी कर दी गई है।

रायपुर बरगढ़ रेल लाइन निर्माण संघर्ष समिति सरायपाली के संयोजक दिलीप गुप्ता ने बताया कि इस रेल लाइन निर्माण हेतु क्षेत्रवासी पिछले 4 दशक से प्रयासरत थे, किंतु सफलता नहीं मिल पा रही थी। इसकी वजह यह थी कि विगत कई वर्षों से इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। किंतु अश्विनी वैष्णव के रेलमंत्री बनने के बाद सरायपाली, बरगढ़ व सोहेला क्षेत्र के कुछ उत्साही युवकों व प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा इस रेललाइन निर्माण लिए पुन: प्रयास किया गया। अभियान को सार्वजिनक रूप दिए जाने हेतु रायपुर बरगढ़ रेललाइन निर्माण संघर्ष समिति सरायपाली का गठन किया गया था।

 महासमुंद के सांसद चुन्नीलाल साहू के नेतृत्व व त्रिलोचन पटेल (पूर्व विधायक सरायपाली) के प्रयास से विगत 3 अगस्त 22 को दिल्ली रेलभवन में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को मांग पत्र सौपा गया था। उन्होंने शीघ्र ही सर्वे किये जाने का आश्वासन दिया था। उस रेललाइन निर्माण हेतु सुरेश पुजारी सांसद बरगढ़, देवेश आचार्य, बरगढ़ विधायक सुशांत सिंह, भटली विधायक व पूर्व परिवहन मंत्री,पद्मनभो बेहरा, परिवहन मंत्री, किस्मतलाल नंद  पूर्व विधायक सरायपाली, देवेंद्र बहादुर सिंह पूर्व बसना विधायक  के साथ ही सभी सामाजिक संगठनों, संघों, राजनैतिक दलों, जनप्रतिनिधियों व क्षेत्रवासियों ने मेहनत शुरू की थी। सर्वे कंपनी द्वारा जमीनी व ड्रोन के माध्यम से प्रस्तावित रायपुर से संबलपुर रेलमार्ग के लिए सर्वे पूर्ण कर लिया गया था।

कुछ दिन पहले चीफ  इंजीनियर राधा मोहन सिंह ने बताया था कि अभी रेललाइन निर्माण से संबंधित इस्टीमेट, खर्च, पुल, पुलियों, रेलवे लाइन की संख्या से संबंधित अन्य जानकारी सभी प्रक्रियाएं समाप्ति पर है। अभी हाल ही में उनसे फिर से मुलाकात कर सर्वे रिपोर्ट की प्रक्रिया अभी कहां तक पहुंची है की जानकारी समिति ने ली। पूर्वी तट रेलवे भुवनेश्वर के सीएओ व चीफ इंजीनियर से मुलाकात कर रायपुर संबलपुर रेललाइन निर्माण की जानकारी प्रत्यक्ष तौर पर ली गई। इस हेतु समिति के सदस्यों द्वारा भुवनेश्वर स्थित रेल सदन में पूर्वी तट रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण व मुख्य अभियंता से प्रत्यक्ष भेंटकर रेलनिर्माण से संबंधित वृहद जानकारी प्राप्त की गई। सर्वे किये जाने का आदेश मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण पूर्वी तट रेलवे भुवनेश्वर के कार्यालय 8-9-23 को मुख्य अभियंता राधा मोहन सिंह द्वारा एस एम कंसल्टेंसी कंपनी खुर्दा को जाने का आदेश किया गया था। सर्वे कंपनी द्वारा जमीनी व ड्रोन के माध्यम से प्रस्तावित रायपुर से संबलपुर रेलमार्ग के लिए सर्वे पूर्ण कर लिया गया था। चीफ इंजीनियर राधा मोहन सिंह ने बताया था कि अभी रेललाइन निर्माण से संबंधित इस्टीमेटए खर्च, पुल, पुलियों, रेलवे लाइन की संख्या से संबंधित अन्य जानकारी सभी प्रक्रियाएं समाप्ति पर है।

इस अवसर पर रायपुर बरगढ़ रेल लाइन निर्माण संघर्ष समिति सरायपाली के दिलीप गुप्ता संयोजक, कृष्णचन्द्र पंडा महासचिव व अविजित प्रतिहार संगठन सचिव उपस्थित थे। इन्होंनें कहा है कि रायपुर बरगढ़ रेललाइन निर्माण संघर्ष समिति द्वारा पिछले 4 वर्षों से लगातार संघर्ष व समर्थन के उपरांत यह सफलता मिल सकी। इस सफलता के लिए रेल निर्माण संघर्ष समिति के अमर बग्गा, दिलीप गुप्ता, अविजित प्रतिहार,सरदार प्रीतम सिंह, कृष्णचन्द्र पंडा सहित समिति के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा इस रेल लाइन निर्माण के संघर्ष में सहयोग करने वालो के साथ ही रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव का विशेष आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।


अन्य पोस्ट