महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 फरवरी। महासमुंद से गुजरने वाली एनएच स्थित खैरझिटी, कौंवाझर, मालिडीह की कृषि भूमि, गरीबों की काबिल कास्त भूमि, आदिवासी भूमि, वन भूमि, शासकीय भूमि में गैर कानूनी ढंग से निर्माणाधीन करणी कृपा स्टील व पावर प्लांट के विरोध में विगत 25 फरवरी 2022 से अंचल के किसानों का छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले अखंड गांधीवादी सत्याग्रह चल रहा है।
रविवार को अखंड सत्याग्रह के 710वें दिन भी दर्जनों किसान, महिला और युवाओं ने सत्याग्रह किया। राज्य आंदोलनकारी आदिवासी किसान नेता अशोक कश्यप ने बताया कि जीत तक सत्याग्रह जारी रहेेगा।
उन्होंने बताया कि शनिवार को झलप पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को ज्ञापन सौंपकर कोडर बांध के पानी का अनुबंध रद्द कराने, शासकीय भूमि, सिंचाई विभाग की नहर.नाली, नेशनल हाईवे की भूमि, काबिल कास्त भूमि, आदिवासी किसानों की भूमि, किसानों की भूमि, बड़े झाड़ के जंगल की भूमि पर करणी कृपा प्राइवेट लिमिटेड का अवैध कब्जा मुक्त कराने, किसानों पर दर्ज एफआईआर रद्द कराकर फर्जी एफआईआर कराने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की गी। जिस पर मुख्यमंत्री ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। किसान नेता तोषण सिन्हा ने कहा कि महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के जीवनदायिनी कोडार बांध का पानी करणी कृपा प्राइवेट लिमिटेड व अन्य किसी भी उद्योग को लेने नहीं देंगे।