महासमुन्द

वन भूमि पर बेजाकब्जा, सौ से अधिक महिलाएं गिरफ्तार, रिहा भी
01-Feb-2024 4:27 PM
वन भूमि पर बेजाकब्जा, सौ से अधिक महिलाएं गिरफ्तार, रिहा भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,1 फरवरी।
महासमुंद जिला मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित ग्राम लोहारडीह में बुधवार को वन विकास निगम की टीम ने वन भूमि पर अतिक्रमण का आरोप लगाकर 117 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। 

बताया गया है कि एक परिवार से एक महिला को हिरासत में लिया गया। गांव में एक परिवार ऐसा भी है, जिनके घर में महिला नहीं है अत: उस परिवार के पुरुष सदस्य को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार महिलाओं में चार गर्भवती और कई महिलाओं की गोद में दुधमुंहें बच्चे थे। गिरफ्तार महिलाओं में ज्यादातर आदिवासी हैं। इन पर सुबह से लेकर रात आठ बजे तक कार्रवाई जारी रही। इस दौरान सारी महिलाएं कोर्ट में बैठी रहीं। 

इस पूरे मामले में वन विकास निगम के रेंजर से लेकर कर्मचारी तक कुछ भी कहने से बचते रहे। वन विकास निगम आरंग के डीएफओ रौनक गुप्ता भी इस बारे में कुुछ बोल नहीं पाए और सारा दिन कोर्ट के एक रूम में बैठे रहे। देर रात सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।  

मामला यह है कि जिला मुख्यालय से लगे सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लोहारडीह में स्थित वन विकास निगम परिक्षेत्र आरंग के वन भूमि कक्ष 860 पर अतिक्रमण के आरोप में गांव के 120 परिवार को नोटिस जाारी किया गया था। जिसके पालन में गांव वाले सुबह से पंचायत भवन के पास पहुंचे। इसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर सभी को दो बसों और एक मालवाहक में बिठाकर तुमगांव सीएचसी लाया गया। यहां सभी का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ और तीन बजे अपरान्ह को उन्हें जिला न्यायालय लाया गया। तब तक कोर्ट परिसर छावनी में तब्दील हो चुका था। 

पुलिस और वन विभाग के आला अफसरों समेत कर्मचारी जवान उनके संरक्षण में पहुंचे थे। इन सबको एक-एक कर बस से उतार कर एक पेड़ के नीचे बिठा दिया गया। रात आठ बजे तक इनकी सुनवाई नहीं हो सकी थी। 

वन विकास निगम के अफसरों ने शाम करीब पांच बजे सीजीएम कोर्ट में चालान पेश किया,  जो देर रात तक जारी रहा। तब तक महिलाओं के साथ बच्चे भी कोर्ट में बैठे रहे। वन भूमि पर प्लांटेशन की कटाई के आरोप में जिन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। उनमें से चार महिलाएं गर्भवती थीं। इसमें हेमलता ध्रुव, देवकी बंजारे, रेवती निषाद और मोनिका निषाद स्वयं के व्यवस्था से कोर्ट पहुंची थीं। 

वहीं वन विकास निगम के अफसरों का कहना है कि गर्भवतियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन गिरफ्तारी लिस्ट में उनका नाम है। सुबह से जारी कार्रवाई के दौरान निगम के अफसरों ने महिलाओं को बिस्किट और मिक्चर देकर कोर्ट परिसर में बैठाए रखा। गिरफ्तार महिलाओं के साथ करीब 7-8 दुधमुंहे बच्चे भी थे, जो अपनी मां के साथ भूख से बिलखते रहे।

उक्त मामले में वन विकास निगम द्वारा महिलाओं को दस्तावेज पेश करने के लिए 19 जनवरी को नोटिस दिया गया था। लेकिन महिलाओं ने कोई भी दस्तावेज पेश नहीं किया। इसके बाद कल बुधवार को वन विकास निगम के अफसर सुबह से ही 117 महिलाओं को गिरफ्तार कर साथ ले आए। वन विकास निगम के अनुसार वन विकास निगम के कक्ष 860 में 1998 में 200 हेक्टेयर में पौधरोपण किया था। इसमें से 30.103 हेक्टेयर भूमि में ग्राम लोहारडीह की महिलाओं द्वारा पौधे काट कर अतिक्रमण किया गया है। जबकि महिलाओं का कहना है कि सारे बड़े पेड़ तो कब के काटे जा चुके हैं। झाडिय़ां ही थीं जिन्हें काटछांट कर जमीन समतल किया था। दस साल से वहीं खेती करते हैं। 

डीएफओ नहीं दे पाए जवाब
इस मामले में किन धाराओं में कार्रवाई की गई, अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई थी, महिलाओं को ही गिरफ्तार क्यों किया गया जैसे सवाल पर वन विकास निगम के डीएफओ रौनक गोयल जवाब नहीं दे पाए। वन विकास निगम के अफसरों ने शाम करीब पांच बजे सीजीएम कोर्ट में चालान पेश किया, जो देर रात तक जारी रहा। इसके बाद सीजेएम कोर्ट ने सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।


अन्य पोस्ट