महासमुन्द
महासमुंद,1 फरवरी। शादी का झांसा देकर नाबालिग से रेप के आरोपी को कोर्ट ने 20 साल की सजा सुनाई है। नाबालिग से रेप के मामले में आरोप दोष सिद्ध होने पर लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के विशेष न्यायाधीश योगिता विनय वासनिक ने महासमुंद थाना क्षेत्र के ग्राम बिरकोनी निवासी 23 वर्षीय रूपेश साहू को संरक्षण अधिनियम की धारा 6 के तहत 20 वर्ष के सश्रम कारावास और 10 हजार रुपए अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर आरोपी को 6 माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अभियोजन के अनुसार प्रार्थी ने थाना में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पुत्री कुछ दिनों से पेट दर्द की शिकायत कर रही थी। अस्पताल में डाक्टर से जांच कराया तो पता चला की उसकी पुत्री गर्भवती है। पीडि़ता से पूछताछ में जानकारी दी कि अभियुक्त रूपेश साहू दो साल से प्रेम करता हूं और उनसे शादी करूंगा कहकर कई बार संबंध बनाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना उपरांत मामला कोर्ट को सौंपा था। अभियोजन की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक सलीम कुरैशी ने पैरवी की।