महासमुन्द
जाड़ामुड़ा धान खरीदी मामले में नया खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 जनवरी। जाड़ामुड़ा धान खरीदी मामले में जांच के दौरान खुलासा हुआ है कि एक किसान ने दूसरे किसानों की भूमि बिना उनकी सहमति के अपने रकबे में जोड़ ली थी। इस प्रकार उसके नाम में दर्ज 0.97 हेक्टेयर रकबा बढक़र 14.33 हेक्टेयर हो गया था। इस हिसाब से उसने 426 क्विंटल धान बेच दिया। मामले को लेकर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शाखा पिरदा के शाखा प्रबंधक की शिकायत पर किसान और केंद्र प्रभारी के खिलाफ बसना थाने में धारा 420, 467,468, 471, 120 बी, 34 के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
शाखा प्रबंधक शिवनाथ पटेल ने बसना थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया है कि ग्रामीण सेवा सहकारी समिति जाड़ामुड़ा के उपार्जन केंद्र जाड़ामुड़ा में 17 जनवरी को समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए पंजीकृत किसान रामप्रसाद का पंजीकृत रकबा और धान उपार्जन की आकस्मिक जांच की गई। इसमें रामप्रसाद के नाम पर अन्य किसान के धान का रकबा बिना संबंधित किसान की सहमति के जुड़ा होना और धान उपार्जन किया जाना पाया गया। इसके बाद आगे की कार्रवाई की गई।
जांच में यह बात सामने आई है कि ग्रामीण किसान राधिका बाई की मौत उनके परिजनों के अनुसार 6 वर्ष पहले हो चुकी है। राधिका बाई द्वारा धारित खसरा 52, 99,101,142, 143,263 किसान रामप्रसाद के नाम पर जुड़ा हुआ है। जबकि राधिका बाई की मौत हो चुकी है और उनके परिजन द्वारा रामप्रसाद को उनके धारित रकबे में धान बोने या अधिया.रेगहा की सहमति नहीं दी है।
इसी प्रकार एक अन्य किसान मसतराम की मौत उनके परिजनों के अनुसार 5 वर्ष पहले हो चुकी है। ग्राम झारमुड़ा के खसरा 277 301 जो कि मसतराम के नाम पर है, का रकबा 0.72 और 0.77 हेक्टेयर किसान रामप्रसाद के नाम पर बिना उनके परिजनों की सहमति से जुड़ा हुआ है।
जांच में जानकारी मिली है कि रामप्रसाद काम में मदद के लिए तीन साल से फ ड़ में आ रहा है। रामप्रसाद के नाम पर ग्रामीण सेवा सहकारी समिति जाड़ामुड़ा में धान खरीदी के लिए पंजीयन 5800530100666 है। पंजीकृत रकबा 15.98 हेक्टेयर और धान का रकबा 14.33 हेक्टेयर रामप्रसाद के नाम पर दर्ज है। धान बेचने के समय रामप्रसाद द्वारा ऋण पुस्तिका नहीं दिखाई गई और ना ही केंद्र प्रभारी द्वारा ऋण पुस्तिका की मांग की गई। छग शासन के नियमानुसार ऋण पुस्तिका के आधार पर ही समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदना है। इस प्रकार केंद्र प्रभारी उमेश कुमार भोई ने नियम का उल्लंघन किया है। अत: किसान के साथ-साथ केन्द्र प्रभारी भी आरोपी है।