महासमुन्द
सरपंच और ग्रामीणों ने गाडिय़ों को रोकने महानदी की ओर रास्ते में गड्ढे खोदे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जनवरी। महासमुंद जिला मुख्यालय से सटे चिंगरौद गांव के सूखा नदी से रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन धड़ल्ले से हो रहा है। कल भी गांव के सरपंच और पंचों ने अवैध तरीके से रेत ले जा रहे 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा है। इस दौरान कुछ चालक गाड़ी लेकर मौके से भाग निकले। फिलहाल पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया है।
सरपंच लुकेश्वरी साहू ने बताया कि अब गांव वालों के साथ उन्होंने अवैध रेत उत्खनन बंद करने के लिये महानदी की ओर ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहन जाने वाले साइड का और जामबाड़ी वाला रास्ता जेसीबी से खुदाई कर बंद कर दिया है। ये गड्ढे इतने बड़े हैं कि ट्रैक्टर व अन्य वाहन इन गड्ढों को पार कर महानदी के रेत घाट तक नहीं पहुंच पाएंगे।
जानकारी अनुसार महासमुंद ब्लॉक के ग्राम चिंगरौद में सोमवार की सुबह गांव की महिला सरपंच लोकेश्वरी साहू, पंच क्षमा ध्रुव, कुलेश्वरी निषाद, त्रिवेणी निषाद, बल्ला साहू, धनेश्वर साहू सहित ग्रामीणों ने सूखा नदी से अवैध खनन कर रेत को गांव से होकर गुजर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोक दिया। महासमुंद जिले में 8 रेत खदान हैं, जिनमें से एक भी खदान पर्यावरण विभाग से क्लीयरेंस नहीं मिली है। इसके बावजूद रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन धड़ल्ले से जारी है। इन सभी ट्रैक्टर के खिलाफ माइनिंग एक्ट तहत कार्रवाई की जा रही है।
सरपंच की सूचना पर नायब तहसीलदार मोहित अमीला, खनिज विभाग के इंद्र प्रकाश और पुलिस टीम गांव पहुंची। सरपंच ने पांचों रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को उन्हें सौंप दिया। पुलिस की टीम ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर सिटी कोतवाली ले आई है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए ट्रैक्टर रायपुर जिले के आरंग, पारागांव, जरौद और महासमुंद आसपास के हैं।
ग्रामीण बताते हैं कि यहां नदी से रोजाना 100 से भी ज्यादा ट्रैक्टर-ट्रॉलियां धड़ल्ले से रेत खनन कर ले जा रहे हैं। कुछ राजनीतिक से जुड़े दबंगों ने अवैध खनन और परिवहन पर ट्रैक्टरों से 300-300 रुपए भी वसूल रहे हैं। खनिज विभाग भी कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर रहे हैं। कुछ दिनों पूर्व चिंगरौद के ग्रामीण द्वारा की गई बड़ी कार्रवाई के बाद कल फिर रेत खदान से रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन करते 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को ग्रामीणों और पंचों ने सरपंच के नेतृत्व में पकड़ा। बाद में इन्हें खनिज विभाग के हवाले किया है।
खनिज विभाग ने अवैध रेत परिवहन का मामला बनाकर सभी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कोतवाली परिसर में खड़ा किया है। सप्ताह भर के भीतर चिंगरीद की सरपंच लुकेश्वरी साहू की अगुवाई में ग्रामीणों ने कल दूसरी बार महानदी से अवैध रेत उत्खनन कर ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा।
पहली बार ट्रैक्टर चालकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया था। कल फिर सुबह से ट्रैक्टरों की कतार महानदी में अवैध रेत उत्खनन के लिये लग गई थी। यह देखकर सरपंच ने पंचों के साथ जाकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा। लेकिन तब तक अनेक ट्रैक्टर भाग चुके थे। बाद में मौके पर और भी ग्रामीण जुट गये। ग्रामीणों में अवैध रेत उत्खनन और गांव के बीच से ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार को लेकर नाराजगी है।