महासमुन्द
आयुष्मान योजना के लाभ से वंचित हो रहे गरीब मरीज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 जनवरी। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने आरोप लगाया कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है तब से स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था पर साय सरकार का कोई ध्यान नहीं है। गरीबों को स्वास्थ्य योजनाओं के लाभ दिलाने में भाजपा सरकार पूरी तरह से विफल हो चुकी है। उन्होंने सरकार से प्रदेश भर के अस्पतालों में व्याप्त कमियों को शीघ्र दूर करने की मांग की।
श्री चंद्राकर ने कहा कि निजी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के लाभ से गरीब मरीज वंचित हो रहे हैं। इसका प्रमुख कारण भाजपा सरकार की लापरवाही के कारण अस्पतालो का लंबित भुगतान है। निजी अस्पताल आयुष्मान भारत के लंबित भुगतान के लिए भटक रहे हैं। ज्यादातर निजी अस्पताल बहाने करके कार्डधारियों का आयुष्मान कार्ड से इलाज से परहेज कर रहे हैं और मरीजों पर नगदी जमा करने दबाव बना रहे। यही नहीं रायपुर स्थित एम्स के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। ना ओपीडी चल रहा है, ना ही रजिस्ट्रेशन, बिलिंग, एडमिशन और सेंपलिंग भी बंद है।
डॉक्टर, नर्स, तकनीशियन और कर्मचारी की कमी से जूझ रहे एम्स में अब संविदा कर्मियों को निकालने पर भाजपा सरकार उतारू हैं।
इससे अक्रोशित संविदा कर्मी आंदोलन पर उतर आए हैं। प्रदेश भर के संविदा कर्मियों को नियमितिकरण करने का प्रलोभन देकर सत्ता प्राप्त करने वाले भाजपाई अब संविदा कर्मियों को बेरोजगार करने पर तुले हैं। प्रदेश में साय सरकार की वादाखिलाफी, भ्रष्टाचार का खामियाजा गरीब जनता को भुगतना पड़ रहा है। आयुष्मान भारत योजना से उपचार नहीं होने के कारण गरीब कर्ज लेकर अस्पतालों का पैसा पटा रहे हैं। और अनेक लोग ईलाज के अभाव में बेमौत मर रहे हैं।
श्री चंद्राकर ने कहा कि यह तो सर्व विदित है कि भाजपा ने विगत 15 सालों के शासन काल में आयुष्मान योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किए। मृत व्यक्तियों के फर्जी इलाज का भ्रष्टाचार और फर्जी मोबाइल नंबरों से लाखों की संख्या में आयुष्मान पंजीयन का मामला भी उजागर हो चुका है। कमिशनखोरी और भ्रष्टाचार के चलते ब्लैक लिस्टेड कंपनियों से दवा खरीदी, गर्भाशय कांड, नसबंदी कांड, अंखफ ोड़वा कांड, डीकेएस घोटाला जैसे प्रकरण सर्वविदित है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि आयुष्मान भारत के नाम पर केंद्र की मोदी सरकार ने केवल छल ही किया है। योजना लागू होने के बाद इसका समीक्षा नहीं किया गया। वर्तमान में प्रीमियम लगभग दुगुने से अधिक हो गया है। जिसका पूरा बोझ राज्य सरकारों पर आ गया। जिसका नुकसान मरीजों को उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं में जितना विस्तार पूर्ववर्ती कांग्रेस कार्यकाल में हुआ, वह सब भाजपा के आते ही ठप पड़ गया है। प्रदेश भाजपा सरकार को आम जनमानस, गरीबों से कोई सरोकार नहीं है।