महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 24 जनवरी। सोमवार को नगर सहित पूरे क्षेत्र में रामोत्सव की धूम रही। सोमवार रात तक क्षेत्र के मंदिरों में भजन कीर्तन चलता रहा। सभी कार्यक्रमों में भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
22 जनवरी को अयोध्या में रामलला मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर नगर एवं क्षेत्र में भी पर्व के रूप में मनाया गया। रविवार दिन भर मंदिरों की साफ सफाई में बीता। इसके बाद रात को मंदिरों में रोशनी की गई। रात में ही कन्या शाला मैदान में भजन संध्या का आयोजन हुआ, इस आयोजन के मुख्य अतिथि भाजपा नेता शंकर अग्रवाल थे। इसके अलावा रात भर मंदिर चौक में अखंड रामायण का पाठ हुआ जो सोमवार सुबह तक चला।सोमवार सुबह मंदिर चौक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ रामायण प्रतियोगिता हुई। इसमें भी मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता शंकर अग्रवाल थे।
सोमवार रात ही बसना विधायक संपत अग्रवाल के आतिथ्य में भजन संध्या का आयोजन किया गया। अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पूरे देश के साथ पिथौरा में भी दो दिन तक माहौल भक्ति से सराबोर रहा।