महासमुन्द

बदली और कहीं-कहीं बारिश, शीत लहर
24-Jan-2024 3:44 PM
बदली और कहीं-कहीं बारिश, शीत लहर

दिन में भी गर्म कपड़ों का सहारा, अलाव जल रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 जनवरी।
सप्ताह भर से जिले में बदली और कहीं-कहीं बारिश का मौसम बना हुआ है। उत्तरी-पश्चिमी विक्षोभ के चलते शहर सहित अंचल में ठिठुराने वाली हवा चल रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित है। मौसम वैज्ञानिक इसे कोल्ड अटैक कह रहे हैं। लोग दिन में भी गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। सुबह और शाम के बाद लोग समूह में अलाव तापते दिख रहे हैं। जिले के चिकित्सक भी लोगों को कोल्ड अटैक से सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं। 

बुधवार समाचार लिखते वक्त सुबह के साढ़े 10 बजे हैं और तापमान 14 डिग्री है।  मंगलवार को 12 बजे के बाद से तापमान 18 डिग्री पर रहा। मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी 3 से 4 दिनों तक इसी तरह मौसम रहने का पूर्वानुमान लगाया है। 

सप्ताह भर से धूप नहीं निकलने की वजह से लोगों को शारीरिक दर्द जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वैसे मकर संक्रांति के बाद से ही मौसम में उतार चढ़ाव की स्थिति है। आज भी सुबह से ही नमी युक्त हवा की वजह से लोग रूम हीटर, सिगड़ी, गोरसी का उपयोग कर रहे हैं। मौसमी फेरबदल के कारण वसंत ऋतु बसंत लगने के बाद भी इस बार आम की फसलों में अब तक मौर लगने प्रारंभ नहीं हो सके हैं। हालांकि इक्के दुक्के पेड़ों पर बौर निकलते दिख रहा है। 

मौसम में खराबी के कारण सामान्य दिनों के अपेक्षा मेडिकल कॉलेज सहित अन्य अस्पतालों में सर्दी, खांसी, जुकाम, फीवर के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। सप्ताह भर से अस्पताल में ओपीडी 350 से 400 के बीच स्थिर है। यहां सांस लेने में तकलीफ, अत्यधिक सर्दी खांसी तथा बुखार के मरीज अत्यधिक पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों द्वारा उन्हे विशेष सलाह दी जा रही है तथा उपचार किया जा रहा है। कभी ठंड, कभी उमस तो कभी बारिश की वजह से लोगों की सेहत में प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

जानकारों के मुताबिक गत वर्ष मकर संक्रांति के बाद से ही एकाएक गर्मी शुरू हो चुकी थी। हालांकि इस दौरान हुद हुद तूफान की वजह से 3 दिनों तक मौसम खराब रहा। लेकिन इस बार मकर सक्रांति के बाद से लगभग सप्ताह भर से जिले में बदली और कहीं-कहीं बारिश का मौसम बना हुआ है। उत्तरी-पश्चिमी विक्षोभ के चलते शहर सहित अंचल में ठिठुराने वाली हवा चल रही है। मौसम वैज्ञानिक इसे कोल्ड अटैक कह रहे हैं। 

मेडिकल कॉलेज के डॉ अनिल कुमार ने कहा कि अभी नमी युक्त हवा सेहत को प्रभावित कर सकती है। इसलिए जहां तक हो सके ठंड से बचें। गर्म पानी का उपयोग करें। किसी भी व्यक्ति में अत्यधिक सर्दी खांसी तथा बुखार के लक्षण दिखाई देने पर अतिशीघ्र स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारी को सूचना देवें साथ ही मरीज को अतिशीघ्र निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार कराएं।

बुखार, खांसी, सिरदर्द, कमजोरी और थकान, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द,गले में खराश, नाक बहने जैसी स्थिति में लापरवाही न बरतें, यह गंभीर हो सकता है। 


अन्य पोस्ट