महासमुन्द

मजदूर को स्कार्पियो में ले जाकर बंधक बना मारपीट, शिकायत दर्ज
24-Jan-2024 3:41 PM
मजदूर को स्कार्पियो में ले जाकर बंधक बना मारपीट, शिकायत दर्ज

कोरे कागज में हस्ताक्षर, जान से मार देने की धमकी भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 जनवरी।
जिले के बसना क्षेत्र में बसे गांव इन्द्रानगर भंवरपुर के मजदूरों को स्कार्पियो में उठाकर ले जाकर घर में बंधक बनाकर मारपीट करने के संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। 

इन्द्रानगर भंवरपुर निवासी मजदूर शिवप्रसाद निषाद ने शिकायत में बताया है कि दिसंबर 2023 में ग्राम अंसुला निवासी उत्तम पटेल व ग्राम सनपुर निवासी गोलू साहू ने शिवप्रसाद को ईंट भ_ा में काम करने के लिए 27 हजार रुपए एडवांस दिया था। जिसके बाद 10 दिसंबर को शिवप्रसाद अपनी पत्नी सावन निषाद व छोटे बच्चे के साथ मेघावल थाना सिद्धार्थ नगर यूपी र्इंट भ_ा चले गये थे। जहां से सभी 2 जनवरी को वापस घर आ गये। वहां रहते शिवप्रसाद ने चौदह हजार ईंट बनाया था। 

शिकायत में जानकारी दी गई है कि शिवप्रसाद उत्तम पटेल व गोलू साहू के माध्यम से ईंट भ_ा गया था। इसलिए उत्तम पटेल और गोलू साहू शिवप्रसाद के वापस आने से नाराज हो गये और तुम्हारे कारण हमारा बहुत पैसा नुकसान हो गया, कहकर शिवप्रसाद को पैसा वापस मांगने लगे। 

शिवप्रसाद ने कमाकर पैसा वापस करने का वादा किया, किन्तु आरोपी तत्काल पैसे वापस करने की मांग करने लगे। नहीं देने पर 18 जनवरी को पूर्वान्ह अंसुला निवासी उत्तम पटेल, सनपुर निवासी गोलू साहू, छतवन निवासी जलेश्वर साहू, अंसुला निवासी निरंजन निषाद चार पहिया वाहन स्कार्पियो में आए और शिवप्रसाद से गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। 

इसके बाद जबरदस्ती शिवप्रसाद को स्कार्पियो में बिठाया और अपने घर अंसुला ले गये। शिवप्रसाद के घर आये मेहमान युधिष्ठिर निषाद, शिव की पत्नी पुष्पा कुमारी तथा शिवप्रसाद के परिजनों ने रोकने का प्रयास किया, किन्तु वे लोग नहीं रूके। उस दौरान गाड़ी में ही हमारा पैसा वापस करो कहकर मारपीट करते रहे और फिर उत्तम पटेल के घर ग्राम अंसुला ले जाकर बंद कर दिया। 18 जनवरी से लगातार 3 दिन तक आरोपियों ने पैसा वापस करो कहकर मारपीट की। 

शिकायत में बताया गया है कि 20 जनवरी को शिवप्रसाद के परिवार वालों ने आरोपियों को 12 हजार रुपये फोन पे के माध्यम से वापस भी किया। फिर भी आरोपियों ने शिवप्रसाद को नहीं छोड़ा और लगातार मारपीट करते रहे। 22 जनवरी को सुबह आरोपियों ने शिवप्रसाद को छोड़ा। छोडऩे के पहले उत्तम पटेल ने शिवप्रसाद से एक कोरे कागज में हस्ताक्षर करवाकर 60 हजार लिए हो कहकर घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मार देने की धमकी दी। आरोपियों के द्वारा लगातार हाथ मुक्का लाठी डण्डा से मारपीट करने के कारण शिवप्रसाद को चोंट आई है। 

बहरहाल पुलिस ने मामले की शिकायत के बाद आरोपी उत्तम पटेल, गोलू साहू, जलेश्वर साहू और निरंजन निषाद के खिलाफ भादवि की धारा 294, 323, 330, 34, 342, 365, 506 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।


अन्य पोस्ट