महासमुन्द
परिवादी के पिता की मौत के बाद भी बीमा कंपनी ने राशि जारी नहीं की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जनवरी। बैंक से व्यक्तिगत ऋण लेते समय कर्जदार के इंश्योरेंस के मामले में न्यायालय जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने कर्जदार की मौत के बाद उसके पुत्र द्वारा चुकाई गई किस्तों की राशि ब्याज सहित लौटाने के आदेश दिए हैं। जिला उपभोक्ता न्यायालय ने बैंक के खिलाफ आदेश पारित किया है। जिसमें जानकारी दी गई है कि परिवादी के पिता ने बैंक से बीमा पॉलिसी ली थी। परिवादी के पिता की मौत के बाद भी बीमा कंपनी ने बीमा राशि जारी नहीं की।
प्रकरण के मुताबिक ग्राम रोहिना निवासी परिवादी अनिल गौरियार के पिता स्व.फागुलाल गौरियार का वेतन खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बिछिया शाखा तहसील सरायपाली जिला महासमुंद में था। उसके आधार पर परिवादी के पिता ने 12 लाख रुपए का पर्सनल लोन 28 अक्टूबर 2019 को प्राप्त किया था। पर्सनल लोन प्राप्त करने बैंक ने ऋण रक्षा योजना के अंतर्गत 15 लाख रुपए की पॉलिसी दी थी। बैंक द्वारा परिवादी के पिता का बीमा पिता की मौत के बाद ऋण सुरक्षा पॉलिसी होने के बावजूद पुत्र एसबीआई लाईफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड में कर्ज पटाता रहा।
फिर भी कर्ज के एवज में फागुलाल के खाते से प्रीमियम के रूप में 1.5 लाख रुपए काट लिया गया। बाद में बैंक द्वारा फिटनेस प्रमाण पत्र मांगा गया। लेकिन परिवादी के पिता को लकवा हो जाने के कारण फि टनेस प्रमाण पत्र देने में असमर्थता जाहिर की गई। तब बैंक मैनेजर एवं एजेंट द्वारा परिवादी से कहा गया कि आपका ऋण सुरक्षा पॉलिसी कर देते हैं जिससे आपके पिता को कुछ हो जाता है तो आपसे या आपके परिवार से ऋण की वसूली नहीं की जाएगी।
इसके बाद परिवादी द्वारा बैंक मैनेजर एवं एजेंट के कहे अनुसार समस्त दस्तावेज उन्हें भेजा। कुछ दिन बाद परिवादी के पिता की मृत्यु हो गई और परिवादी को लोन जमा करने का दबाव डाला गया। जिसके बाद परिवादी ने अपनी मेडिकल की पढ़ाई के दौरान दबाव में आकर लोन की 18 किस्तें जमा की। पढ़ाई पूरी कर परिवादी ने एडवोकेट के माध्यम से बैंक को नोटिस भेजा तथा न्यायालय जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग महासमुंद में परिवाद प्रस्तुत किया। जिस पर परिवादी को सफलता मिली और न्यायालय ने ऋण राशि इंश्योरेंस कंपनी से वसूलने का आदेश दिया। न्यायालय ने परिवादी द्वारा जमा किए गए 18 किश्त 2.25 लाख रुपए 6 प्रतिशत ब्याज के साथ वापस करने बैंक से कहा। साथ ही मानसिक क्षतिपूर्ति के रूप में 10 हजार रुपए और वाद व्यय के रूप में 3 हजार परिवादी को देने का आदेश बैंक को दिया है।