महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 जनवरी। छत्तीसगढ़ प्रदेश में नये सरकार से अपेक्षाएं एवं विकास के मुद्दों पर 10 जनवरी को सर्व समाज समन्वय महासभा द्वारा प्रदेश अध्यक्ष डॉ.संजीव कर्माकर एवं एसआर बंजारे के संयोजन में महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लता ऋषि चंद्राकर, अघरिया पटेल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम पटेल, अखिल भारतीय यादव महासभा से आरए यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। मुख्य अतिथि के रूप में शिव शंकर पटनायक राष्ट्रीय साहित्यकार एवं अध्यक्ष के रूप में प्रगतिशील सतनामी समाज के प्रदेश अध्यक्ष आरपी भतपहरी उपस्थित थे। मुख्य अतिथि शिव शंकर पटनायक ने कहा कि नये सरकार से सर्व समाज को बड़ी अपेक्षाएं हैं। जिसमें शिक्षा स्वास्थ्य एवं मूलभूत आवश्यकताएं समाहित हो।
अध्यक्षता करते हुये श्री भतपहरी ने कहा कि हमारे संस्कृति एवं संस्कारों पर निरंतर प्रहार हो रहा है जिसे बचाना हम सभी का कर्तव्य है। इस अवसर पर राष्ट्रीय पदाधिकारी लता ऋषि चंद्राकर, पुरुषोत्तम पटेल, आरए यादव ने सभा को संबोधित किया। मुख्य वक्ता उदयमान चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज निरंतर जल, जंगल जमीन की लड़ाई लड़ रहा है। नई सरकार से अपेक्षा है कि दलित, पिछड़े एवं आदिवासी समाज के विकास हेतु कदम उठाएं।
सर्व समाज की ओर से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रस्ताव पारित कर प्रेषित किया गया। इन प्रस्तावों में महासमुंद में विश्वविद्यालय की स्थापना, सिरपुर, बार नयापारा, तुरतुरिया, चम्पारण, शिवरीनारायण पर्यटन स्थल पर कॉरिडोर की स्थापना, गिरौदपुरी धाम को राष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन स्थल घोषित करने, बलौदाबाजार जिला का नाम बदलकर संत गुरुघासीदास के नाम पर रखने, कोल माईन्स में भ्रष्टाचार खत्म करते हुए पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने जैसे महत्वपूर्ण विषय समाहित है ।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रेमलाल सिन्हा, पूर्व महासचिव कमार समाज भीखम सिंह ठाकुर, आदिवासी समाज, दिनेश बंजारे, प्रगतिशील सतनामी समाज, अशोक गिरि गोस्वामी गोस्वामी समाज, राजेन्द्र नायक मरारा माली समाज, तारा चंद्राकर कुर्मी समाज, राजू यादव, प्रताप मनोहर मोहंती, रामकृष्ण मिरी, मनोज अग्रवाल, रमेश लहरे, नारायण लाल साहू, हलधर साहू, मानिकराम मन्नाडे, कुंजराम निषाद, लक्ष्मी अग्रवाल, संजय अग्रवाल आदि उपस्थित थे। आभार डॉ. संजीव कर्मकार ने व्यक्त किया।