महासमुन्द

ओडिशा का धान जब्त
13-Jan-2024 2:33 PM
ओडिशा का  धान जब्त

महासमुंद,13 जनवरी। राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम परगला बसना में 108 पैकेट धान बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध परिवहन करते पकड़ा है। जिसकी कीमत 94 हजार 305 रुपए है।  ट्रैक्टर-ट्रॉली को कार्रवाई हेतु मंडी के सुपुर्द किया गया है।

नायब तहसीलदार ललित सिंह ने बताया कि ओडिशा से अधिक दाम यहां होने के कारण वहां का धान यहां के खरीदी केन्द्रों में खपाने की कोशिश की जा रही है। खरीफ वर्ष 2023-24 में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी में इस बार सीमा पर से अधिक धान आने की आशंकाओं को देखते हुये कलेक्टर प्रभात मलिक ने ओडि़शा सीमाओं पर चौकसी रखने के निर्देश दिये थे। जिसके कारण जांच चौकी में सतत निगरानी की जा रही है।

इस दौरान मुखबिर की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम ग्राम परगला में ओडिशा की तरफ से आ रही बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली रोका। चालक का नाम, पता पूछने पर उसने अपना नाम पुष्पेन्द्र प्रधान पलसापाली निवासी बताया।

ट्रैक्टर-ट्रॉली की जांच पर 108 बोरा धान कुल 43.20 क्विंटल कीमत 94 हजार 305 रुपए का परिवहन करते मिला। पूछताछ में धान परिवहन व विक्री करने के वैध कागजात नहीं होना पाया। पुष्पेन्द्र से और पूछताछ करने पर शिकारीपाली ओडि़शा से धान लाना बताया। टीम ने 108 पैकेट धान सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर मंडी के सुपुर्द कर दिया है।


अन्य पोस्ट