महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 जनवरी। विकसित भारत संकल्प यात्रा जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंच रही है। यात्रा के माध्यम से लोगों को विभिन्न केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं का लाभ, लक्षित लाभार्थियों, खास तौर से वंचित व आकांक्षी लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में कल बसना विकासखण्ड के ग्रामपंचायत भवरपुर में विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंची। यात्रा के दौरान प्राप्त आवेदनों के आधार पर संभावित लाभार्थियों का नामांकन व चयन भी किया जा रहा है। वैन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का वाचन किया गया। विकसित भारत के निर्माण के लिए उपस्थित सभी ने शपथ ली।
इस दौरान चलचित्र के माध्यम से विकसित भारत के उद्देश्य की जानकारी दी गई। शिविर में आईईसी वैन द्वारा एलईडी के माध्यम से शासन की विभिन्न संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। इसके अतिरिक्त शिविर में पूर्व में शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने वाले हितग्राहियों द्वारा मेरी कहानी.मेरी जुबानी अंतर्गत योजना का लाभ पाने के बाद जीवन में आए बदलावों और आर्थिक उन्नति के बारे में अवगत कराया गया। शिविर में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।
शिविर में उपस्थित अधिकारियों द्वारा शिविर में आए ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम पोषण योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, आधार अपडेशन, सस्ती व अच्छी जेनेरिक दवाई आदि की जानकारी देने के साथ योजनाओं से वंचित हितग्राहियों से आवेदन लिए गए। यहां उनकी समस्याओं का भी समाधान किया गया।
शिविर स्थल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए कैम्प में बीपी, शुगर की जांच तथा दवाइयां भी उपलब्ध कराई गई। शिविर स्थल पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरला कोसरिया,सरपंच,स्थानीय जनप्रतिनिधि पार्षदगण तथा अधिकारी.कर्मचारी उपस्थित थे।