महासमुन्द

ड्रायवरों की हड़ताल स्थगित, बस मालिकों ने थामा था स्टेयरिंग
11-Jan-2024 2:35 PM
ड्रायवरों की हड़ताल स्थगित, बस  मालिकों ने थामा था स्टेयरिंग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 जनवरी।
हिट एंड रन कानून के विरोध में अचानक महासमुंद में बुधवार को बस ड्राइवरों ने सुबह से हड़ताल शुरू कर दिया। जिसकी वजह से जिला मुख्यालय से होकर रायपुर, बसना, सरायपाली, बागबाहरा की ओर चलने वाली अधिकांश बसों के पहिए थम गए। फलस्वरूप एक बार फिर यात्रियों को काफी परेशान होना पड़ा। यात्री आटो, मालवाहकों के माध्यम से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। हालांकि कुछ बसों के मालिकों ने स्वयं स्टेयरिंग सम्हाल कर बसें चलाई। 

जानकारी के मुताबिक हाल ही के 3 दिनों तक पूरे जिले भर में हिट एंड रन कानून के विरोध में सभी प्रकार के वाहन चालक सडक़ पर उत्तर गए थे। इस पर आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त हो चुकी थी। लेकिन एक बार फिर कल बसों के ड्राइवरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का एलान कर दिया। फलस्वरूप व्यवस्था चरमराई रही। बस चालकों का कहना था कि प्रशासन ने ट्रांसपोर्टरों से चर्चा की थी, हमसे नहीं। लेकिन कल हुई हड़ताल को अन्य चालकों का पर्याप्त समर्थन नहीं मिल सका। फलस्वरूप कुछ बसें सडक़ों पर दौड़ती रहीं। कल ही शाम को आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल स्थगित हो गई। 

मिली जानकारी के अनुसार इन दिनों परीक्षा का समय चल रहा है। अनेक छात्र-छात्राएं फ ॉर्म भरने के लिए जिला मुख्यालय आ-जा रहे हैं। बसें नहीं चलने की वजह से उन्हें अतिरिक्त शुल्क देकर कल मुख्यालय आना पड़ा। बसों के पहिए थमने के बाद से जिला मुख्यालय से होकर गुजरने वाली सभी ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ न देखी जा रही थी। 


अन्य पोस्ट