महासमुन्द

दो माह में महासमुंद के खरीदी केन्द्रों में किसानों ने बेचा 50 फीसदी धान
31-Dec-2023 2:50 PM
दो माह में महासमुंद के खरीदी केन्द्रों में किसानों ने बेचा 50 फीसदी धान

खरीद समय बढ़ाने की मांग  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 दिसंबर।
एक नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हुई है और 30 दिसंबर तक की स्थिति में 50 फ ीसद ही धान की खरीदी हो पाई है। अब यदि छुट्टियों को छोड़ दें तो किसानों को धान बेचने के लिए मात्र 20 दिन का ही समय बाकी है। ऐसे में इतने कम समय में खरीदी का लक्ष्य कैसे पूरा होगा, इसे लेकर सोसायटी प्रबंधक भी परेशान हैं। लिहाजा अब तेजी से धान खरीदी के साथ-साथ खरीद समय बढ़ाने की मांग उठने लगी है। 

मिली जानकारी के मुताबिक 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू हुई। इसके बाद दीपावली, चुनाव तथा मिचौंग तूफान की वजह से खरीदी बंद रही। इसके अलावा शनिवार तथा रविवार शासकीय अवकाश की वजह से सोसायटी में शुक्रवार को इस साल समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का आखिरी दिन था। जिले के उपार्जन केन्द्रों से शुक्रवार को 3 हजार 531 किसानों से 2 लाख 32 हजार 350 क्विंटल धान खरीदा गया। अब नए साल एक जनवरी 2024 को धान खरीदी फिर से शुरू होगी जो 31 जनवरी तक जारी जारी रहेगी। 

इस तरह धान खरीदी को दो माह बीतने को है लेकिन लक्ष्य के अनुरूप धान खरीदी में तेजी नहीं आई है। समर्थन मूल्य को लेकर उहापोह की स्थिति के कारण किसानों ने धान बेचने में रुचि नहीं दिखाई थी जिसके कारण खरीदी केंद्रों में धान की आवक कम हो गई थी। अभी भी लक्ष्य के मुताबिक धान खरीदी की रफ्तार बहुत धीमी नजर आ रही है। 

विभागीय जानकारी के मुताबिक जिले में अब तक निर्धारित लक्ष्य से 57.5 प्रतिशत धान खरीदा जा चुका है। जिले के 182 धान उपार्जन केन्द्रों से एक नवंबर के बाद से अब तक कुल 59 दिनों में जिले के 97 हजार 409 किसानों से 53 लाख 50 हजार 300 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर खरीदा गया है। जिसमें 44 लाख 12 हजार 530 क्विंटल धान का उठाव हो चुका है। यानि खरीदे गए कुल 82 प्रतिशत धान का उठाव हो चुका है। शेष 9 लाख 37 हजार 770 क्विंटल धान अभी धान उपार्जन केन्द्रों में बचा है। 

सोसायटी प्रबंधक जयप्रकाश साह के मुताबिक अब तक 50 फीसदी किसानों ने ही धान बेचा है। ऐसे में समय बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। समय नहीं बढ़ाए जाने की स्थिति में किसान समर्थन मूल्य पर विक्रय से वंचित हो जाएंगे। जानकारी के मुताबिक मिलरों द्वारा अब तक करीब 25 लाख पुराने बारदाने भेजे गए हैं। उनमें छह लाख बारदाने फटे हुए मिले हैं। जिसे खरीदी केंद्रों में छांटकर अलग रख दिया गया है। जिससे उपार्जन केंद्रों में पुराने बारदानों की कमी पड़ सकती है। मिलर्स इन फटे हुए बारदानों को वापस नहीं ले जा रहे हैं। मिलर्स और पीडीएस से प्राप्त पुराने बारदानों के लिए शासन द्वारा भुगतान किए जाने का प्रावधान है। पुराने बारदाने के लिए मिलर्स को जहां प्रति नग 18 रूपए भुगतान किया जाता है, तो पीडीएस के तहत प्राप्त बारदानों के लिए प्रति नग 25 रुपए दिया जाता है।


अन्य पोस्ट