महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,30 दिसंबर। एससीईआरटी छत्तीसगढ़ और स्टर लाइट इड इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में डाइट महासमुंद में अध्ययनरत डीएलएड छात्राध्यपकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शिक्षक पात्रता परीक्षा मॉक टेस्ट का आयोजन किया गया। यह मॉक टेस्ट उन सभी छात्रों के लिए अत्यंत लाभदायक होगा जो आगामी सी टेट और सीजी टेट परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करना चाहते हैं। मॉक टेस्ट का आयोजन जिला महासमुंद के शासकीय डाइट संस्थान में 22 दिसंबर को आयोजित किया गया। आगामी सी टेट और सीजी टेट परीक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मॉक टेस्ट के लिए भी 2.30 बजे का समय निर्धारित किया गया था। जो प्रात: 11 बजे से अपराह्न 1.30 के दौरान आयोजित किया गया। इसमें सी टेट और सीजी टेट दोनों परीक्षाओं के पैटर्न के अनुरूप प्रश्न शामिल किये गए।
इस अवसर पर डाइट महासमुंद के पीएसटीई इंचार्ज संतोष साहू और डाइट के अन्य फैकल्टी मौजूद रहे और अपनी निगरानी में इस मॉक टेस्ट का संचालन कराया। श्री साहू ने बताया यह मॉक टेस्ट छात्रों को परीक्षा के वास्तविक स्वरूप से परिचित कराने और उनकी तैयारी का आंकलन करने का एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा। मॉक टेस्ट की अगली कड़ी में 16 जनवरी 2024 को पुन: इस तरह की परीक्षा आयोजित की जाएगी ताकि छात्राध्यापक अपनी तैयारियां और सृदृढ कर पाएं। स्टर लाइट इड इंडिया फाउंडेशन के प्रतिनिधि ने बताया कि छत्तीसगढ़ के सभी डीएलएड संस्थानों के छात्राध्यापक इस मॉक टेस्ट में नि:शुल्क भाग ले सकते हैं। इच्छुक छात्र इस बारे में अपने संस्थान के पीएसटीई इंचार्ज से संपर्क कर सकते हैं।