महासमुन्द
'छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 दिसंबर। साल 2015 में महासमुंद शहर में सिटी बसें आईं। जनप्रतिनिधियों ने उसमें चढक़र सेल्फी लीं, सैर किया। ये बसेंं एक माह चलीं और फिर बंद हो गई, जो आज तक वापस नहीं चल पाई हैं। नौ साल से महामसुंद के लोग इस बस का इंतजार कर रहे हैं।
इन बसों की मांग जारी है। कॉलेज विद्यार्थी इसकी मांग को लेकर तमाम जगहों पर जा चुके हैं, लेकिन उनकी मांगें पूरी नहीं हुई। अनेक बार प्रयास के बाद भी शहर में सिटी बसों का संचालन शुरू नहीं हो सका है।
साल 2015 से अब तक यहां अनेक कलेक्टर बदले। सभी कलेक्टरों ने कहा कि सिटी बसें चलेंगी। वर्तमान कलेक्टर प्रभात मलिक ने भी पहली प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पत्रकारों द्वारा ध्यान दिलाने पर शीघ्र ही सिटी बसें सुविधा शुरू करने का आश्वासन दिया था। शहर में एक सिटी बस चलने की बात कही जा रही लेकिन किसी को भी इसकी जानकारी नहीं हैं।
20 नवंबर 2015 को तत्कालीन संसदीय सचिव रूपकुमारी चौधरी, तत्कालीन विधायक डॉ.विमल चोपड़ा, तत्कालीन नपाध्यक्ष पवन पटेल ने हरी झंडी दिखाकर सिटी बस संचालन का शुभारंभ किया था। ये सभी पहले दिन इस में बैठे, सेल्फी ली, फोटो खिंचवाएं, कुछ देर सफर भी किया। हरी झंडी दिखाने के बाद एक महीने में ही बसें गायब हो गईं।
इन बसों के शुभारंभ से 6 महीने पहले से खरोरा में सिटी बस टर्मिनल निर्माण का कार्य जोरों पर था, लेकिन यह भी अब तक पूरा नहीं किया जा सका है। सिटी बस का संचालन बंद होने के बाद जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने इसे मुडक़र भी नहीं देखा।
जानकारी अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सभा के दौरान एक सिटी बस का संचालन का शुभारंभ हाईस्कूल मैदान से किया गया था। लेकिन शुभारंभ के बाद से ही यह बस भी शहर से गायब हो गई। कॉलेज के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शुरू की गई एक बस भी आज तक सडक़ पर दौड़ती नहीं दिखीं। फलस्वरूप आज भी कॉलेज सहित शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महासमुंद में हालात यह है कि महज शहर से मचेवा कॉलेज तक का ऑटो चालक स्पेशल में 100 रुपए तथा सवारी में 30 से 40 रुपए चार्ज करते हैं। ऐेसे में विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पैसे न होने की स्थिति में विद्यार्थी पैदल 5 किलोमीटर सफर करते हैं।
महासमुंद नपाध्यक्ष राशि महिलांग का कहना है कि शहर में एक बस कॉलेज विद्यार्थियों के लिए चलाई जा रही थी, लेकिन यदि ऐसी बात है तो पता करवाती हूं। शीघ्र शुरू की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार पूर्व में यहां सिटी बसें शुरू की गई थी। लेकिन सिटी छोडक़र आसपास के ग्रामों को भी कवर करने की वजह से इसे बस यूनियन के विरोध का सामना करना पड़ा था। अत: यह बंद हो गई। सिटी बस ऑपरेटरों ने संचालन की उम्मीद में कृषि उपज मंडी परिसर में करीब महीने भर तक बसों को सुरक्षित रखा। बाद प्रशासन से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की बात कहकर बसें वापस रायपुर ले जाया गया। बसें बंद होने के बाद भी कुछ दिनों तक शहर में सिटी बस के नाम पर कुछ जगहों पर सिटी बस स्टापेज लिखा बोर्ड लगा रहा।
पूर्व कलेक्टर हिमशिखर गुप्ता ने सिटी प्रति बस संचालन के लिए पहल की थी। उन्होंने रायपुर कलेक्टर को पत्र लिखकर महासमुंद को सिटी बस सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया था, लेकिन इसके बाद भी बसें शुरू नहीं हुई।