महासमुन्द

हसदेव में कटाई की केंद्र ने दी थी स्वीकृति, भूपेश सरकार ने किया था निरस्त-विनोद चंद्राकर
29-Dec-2023 4:05 PM
हसदेव में कटाई की केंद्र ने दी थी स्वीकृति, भूपेश सरकार ने किया था निरस्त-विनोद चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 29 दिसंबर। पूर्व संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के उस कथन पर आपत्ति जताई है, जिसमें श्री साय ने कहा कि हसदेव में कटाई के आदेश पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने दिये थे। जबकि हकीकत यह है कि हसदेव पर कटाई के लिए आदेश और पर्यावरण स्वीकृित केंद्र की मोदी सरकार ने दिया था। जबकि कांग्रेस सरकार ने इस स्वीकृति को राज्य स्तर पर निरस्त कर दिया था तथा केंद्र को भी इसे निरस्त करने के लिये पत्र लिखा था। श्री चंद्राकर ने बताया कि 31-10-2022 को इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर सचिव ने भारत सरकार के वन महानिरीक्षक को पत्र लिखकर परसा ओपन कास्ट कोल माईंस कोल उत्खनन पर प्रतिबंध लगाने तथा वन कटाई के प्रस्ताव को निरस्त करने कहा था।

श्री चंद्राकर ने कहा है कि जब विधानसभा के चुनाव हो रहे थे तब राहुल गांधी ने कहा था कि ईवीएम पर बटन कमल का दबेगा तो  वीवीपैट से अडानी निकलेगा। राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही यह कथन सत्य साबित होने लगा है। भाजपा सरकार अडानी के हितों को सवर्धित करने के लिये राज्य के जल, जंगल, जमीन खनिज संपदा को अडानी को सौंपना शुरू कर दिया है। जैसे ही भाजपा की सरकार बनी हसदेव अरण्य क्षेत्र में वनों की अंधाधुंध कटाई शुरू की जा चुकी है। 50 हजार से अधिक पेड़ काटे जा चुके है।

विधानसभा से भी कांग्रेस सरकार ने हसदेव जंगल की कटाई पर रोक लगाने का प्रस्ताव पारित करवा कर केंद्र को भेजा था। जिसमें हसदेव अरण्य क्षेत्र की सभी कोल खदानों को निरस्त करने की मांग की गई थी। लेमरू एलिफेंट कारीडोर में मोदी सरकार द्वारा आवंटित कोयला खदानों के खिलाफ  भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में 27 जुलाई 2022 को प्रस्तावित प्रस्ताव पारित कर हसदेव अरण्य, तमोर पिंगला और कोरबा के हाथी रिजर्व क्षेत्र के वनों में कोल ब्लॉक आवंटन रद्द करने का संकल्प लिया था।

श्री चंद्राकर ने बताया कि पूर्व में मोदी सरकार के कोयला मंत्री ने रायपुर आकर यह भी कहा था कि जहां पर कोल बेयरिंग एक्ट लागू  होता है, वहां पेसा कानून के प्रावधान लागू नहीं होते। किसी के आपत्ति या सहमति से कोल खनन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। मोदी सरकार उस क्षेत्र  में भी कोयले का खनन जारी रखेगी। राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद अडानी को फायदा पहुंचाने पेड़ों की कटाई शुरू हो चुकी है। भाजपा सरकार के बनते ही हसदेव में वन की कटाई से इस सरकार की नीयत और भविष्य की कार्ययोजना स्पष्ट झलक है। यह सरकार अडानी के लिये,अडानी के हितों के लिये चलने वाली है। इसका जनता से कुछ लेना देना नहीं है।


अन्य पोस्ट